Patna News: जैक्शन हॉस्टल के तीन छात्र स्मैक और हथियार के साथ गिरफ्तार, पूछताछ में बड़ा खुलासा

पटना के मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान जैक्शन हॉस्टल के छात्र समेत तीन युवकों को स्मैक और हथियार के साथ गिरफ्तार किया. तीनों पढ़ाई की आड़ में नशे का कारोबार कर रहे थे. पुलिस ने गिरोह के सरगना की पहचान कर छापेमारी शुरू कर दी है.
Patna News: (नितिश सिंह की रिपोर्ट) मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान सैदपुर नहर रोड से तीन युवकों को स्मैक और हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवकों में आशीष कुमार, सत्यम कुमार और राजा बाबू शामिल हैं. तीनों पर पढ़ाई की आड़ में नशे का कारोबार करने का आरोप है.
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, नियमित वाहन जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीनों युवकों को रोका गया. तलाशी लेने पर उनके पास से स्मैक और अवैध हथियार बरामद किए गए. गिरफ्तार आरोपियों में सत्यम कुमार सिमरी बख्तियारपुर का रहने वाला है, जबकि आशीष कुमार सहरसा जिले के सोनवर्षा और राजा बाबू सुपौल के त्रिवेणीगंज का निवासी है। तीनों छात्र बताए जा रहे हैं.
लॉज और हॉस्टल में रहकर कर रहे थे कारोबार
जानकारी के अनुसार, आशीष और सत्यम मुसल्लहपुर हाट इलाके के एक लॉज में रहते थे, जबकि राजा बाबू पटना विश्वविद्यालय के जैक्शन छात्रावास में रह रहा था. पुलिस का कहना है कि ये सभी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के नाम पर पटना में रह रहे थे.
स्मैक बिक्री में मिलता था कमीशन
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी स्मैक बेचकर 20 प्रतिशत कमीशन लेते थे और उससे मिलने वाली रकम को निजी खर्च और मौज-मस्ती में इस्तेमाल करते थे. पुलिस जांच में इस पूरे नेटवर्क के एक सरगना का नाम भी सामने आया है, जो इन युवकों को स्मैक सप्लाई करता था. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे की बिक्री के साथ-साथ अवैध हथियार भी रखते थे, ताकि पैसे न देने वालों को डराया-धमकाया जा सके.
पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी
सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई जारी है.
Also Read: Gaya Ji News: बहुभाषी लोगों का व्यक्तित्व विकास अधिक होता है : सीयूएसबी कुलपति
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










