पटना के बेउर में युवक की गोली मारकर हत्या, रिश्तेदारों पर हत्या का शक

गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया.
Patna News : राजधानी पटना के बेउर थाना क्षेत्र में आज एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. मृतक की पहचान नत्थूपुर निवासी आनंद कुमार के रूप में की गई है.
Patna News (राजकमल की रिपोर्ट) : राजधानी के बेउर थाना इलाके के हरनीचक रोड में अपराधियों ने आनंद कुमार नाम के युवक को गोली मार दी. गोली लगने के बाद उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है. परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ रिश्तेदारों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद में हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है.
जमीन विवाद में इन रिश्तेदारों पर जताया शक
मृतक आनंद के भाई अरविंद के अनुसार जमीन विवाद में बहुतली राय उर्फ़ जगरनाथ राय और उनका बेटा पिंटू, मंटू उर्फ़ शशांक, बंटी उर्फ़ छबिला और आदर्श के साथ राजू राय और उनका बेटा भी शामिल है. इस हत्या की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
CCTV फुटेज खंगाल रही बेउर थाना पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बेउर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फुलवारी शरीफ डीएसपी सुशील कुमार का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा. पुलिस का दावा है कि दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










