Patna News: विवाद में लापता युवक की तेज हथियार से हत्या, दो गिरफ्तार
Published by : Nikhil Anurag Updated At : 26 May 2026 9:44 PM
मृतक का फाइल फोटो
पटना सिटी में 20 वर्षीय राजा कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने एक किशोर समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. आपसी विवाद में तेज हथियार से हत्या कर शव को वैशाली में छिपाया गया था. आरोपितों ने मामले को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की। खून लगा शर्ट और ई-रिक्शा बरामद हुआ.
Patna News: (अमिताभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट) मालसलामी थाना क्षेत्र से लापता 20 वर्षीय युवक राजा कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में एक किशोर समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. हत्या के बाद आरोपितों ने शव को ठिकाने लगाकर मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी.
नगर पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि चौक थाना क्षेत्र के चौकशिकारपुर स्थित जीतू लाल लेन निवासी मनोज कुमार की पत्नी शोभा देवी ने 24 मई को अपने पुत्र राजा कुमार के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. राजा 20 मई को काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा.
परिवार ने जताई थी हत्या की आशंका
परिजनों ने पुलिस को आशंका जताई थी कि राजा की हत्या कर शव को गंगा में फेंक दिया गया है. इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पूछताछ में हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई.
आपसी विवाद में की गई हत्या
पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद में राजा कुमार की तेज हथियार से हत्या की गई. मामले में नालंदा जिले के तेलमर बनगच्छा निवासी श्रवण कुमार और एक किशोर को गिरफ्तार किया गया है.
गंगा घाट से बरामद हुआ खून सना शर्ट
गिरफ्तार श्रवण कुमार का खून से सना शर्ट दमराही घाट से बरामद किया गया, जबकि उसकी गंजी बुंदेल टोली स्थित उसके चाचा के घर से मिली. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया है.
नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दीदारगंज थाना क्षेत्र के बांसतल मोहल्ला में हत्या करने के बाद शव को विदुपुर सिक्स लेन के पास छिपा दिया गया था. बाद में वैशाली जिले के रुस्तमपुर थाना पुलिस ने शव बरामद किया.
सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपितों ने मामले को सड़क दुर्घटना साबित करने की साजिश रची थी, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस के 6 IPS अब केंद्र में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी, आईजी रैंक के लिए चुने गए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










