कुरथौल-दरियापुर पईन उड़ाही व नाला निर्माण की मांग पर एनएच-83 तीन घंटे जाम, वाहनों की लगी लंबी कतार

जनाक्रोश मार्च निकाल प्रदर्शन करते ग्रामीणों
Patna News: कुरथौल-दरियापुर पईन उड़ाही और आरसीसी नाला निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एनएच-83 तीन घंटे जाम रखा. प्रशासन के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ.
Patna News: (अजीत कुमार की रिपोर्ट) फुलवारी शरीफ प्रखंड के कुरथौल पंचायत में वर्षों से लंबित कुरथौल-दरियापुर पईन की उड़ाही (सफाई) और आरसीसी नाला निर्माण की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. समाजसेवी भाई दिलीप पटेल और शिव जी यादव के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने एनएच-83 को करीब तीन घंटे तक जाम कर प्रदर्शन किया. इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.
प्रदर्शन से पहले ग्रामीणों ने कुरथौल से सिपारा और दरियापुर होते हुए कुरथौल बाजार तक जनाक्रोश मार्च निकाला. इसके बाद एनएच-83 पर धरना-प्रदर्शन कर आमसभा आयोजित की गई. प्रदर्शन के दौरान “पईन की उड़ाही कराओ” और “आरसीसी नाला निर्माण कराओ” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा.
दस वर्षों से लंबित है ग्रामीणों की मांग
आमसभा को संबोधित करते हुए समाजसेवी भाई दिलीप पटेल ने कहा कि पिछले दस वर्षों से ग्रामीण पईन की सफाई और नाला निर्माण की मांग कर रहे हैं. कई बार लघु जल संसाधन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.
समाजसेवी शिव जी यादव ने कहा कि पईन की उड़ाही नहीं होने से कुरथौल-दरियापुर सड़क की हालत बदतर हो गई है. बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव होने से लोगों का आवागमन बाधित रहता है. वहीं सामान्य दिनों में भी सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
डीएम के पत्र के बावजूद शुरू नहीं हुआ कार्य
ग्रामीणों ने बताया कि पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने 9 मई 2026 को सचिव, लघु जल संसाधन विभाग को पईन सफाई और आरसीसी नाला निर्माण की स्वीकृति के लिए पत्र भेजा था. इसके बावजूद अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बरसात शुरू होने से पहले पईन की उड़ाही और नाला निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो एनएच-83 को अनिश्चितकाल के लिए जाम कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा.
इन लोगों ने किया संबोधित
प्रदर्शन को बसंत कुमार सिन्हा, बैजनाथ गुप्ता, रमेश कुमार दास, दिनेश प्रसाद, रामफल शर्मा, संजय यादव, सुजीत ठाकुर, रामचंद्र, भोला राम, हरेंद्र राम, रंजीत सिंह, लिली देवी, मुकेश स्वर्णकार, शंकर पासवान, कमल प्रसाद, गोपाल प्रसाद और पिंटू कुमार सहित कई ग्रामीणों ने संबोधित किया.
आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद फुलवारी शरीफ के अंचलाधिकारी ने पईन की उड़ाही कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया और एनएच-83 पर यातायात सामान्य हो सका.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










