खगौल में गैस की किल्लत: उपभोक्ताओं का फुटा गुस्सा, सड़क जाम कर एजेंसी पर लगाया गंभीर आरोप

Updated:
विज्ञापन
Patna news

प्रदर्शन करते उपभक्ता

Patna News: पटना के खगौल में गुरुवार को गैस सिलेंडर की किल्लत और समय पर डिलीवरी न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने खगौल-फुलवारी मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय योगी इंडेन सेवा गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक घंटे तक सड़क को जाम रखा.

विज्ञापन

Patna News: (संजय पांडेय की रिपोर्ट) पटना के खगौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार को गैस सिलेंडर की आपूर्ति न होने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. योगी इंडेन गैस सेवा के रवैये और सिलेंडर की कथित कालाबाजारी से आक्रोशित दर्जनों महिलाओं और पुरुषों ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे खगौल लख के पास फुलवारी मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क के बीचों-बीच खाली सिलेंडर रखकर उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया. इस चक्काजाम के कारण करीब एक घंटे तक दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण गर्मी व तपती धूप में आम यात्रियों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

‘गैस मिली नहीं और मोबाइल पर आ गया डिलीवरी का मैसेज’

प्रदर्शन में शामिल मुख्य उपभोक्ता, राजू कुमार, महेंद्र प्रसाद गुप्ता, रोशनी, स्वाती कुमारी, आफताब आलम, सूरज कुमार, रौशन कुमार, शोभा, तेजु, ललन आदि ने गैस एजेंसी की मनमानी को उजागर करते हुए गंभीर आरोप लगाए.

उपभोक्ताओं की मुख्य शिकायतें:

  • मैसेज का खेल: पिछले 15 दिनों से उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बुकिंग का डीएसी नंबर आ जा रहा है, लेकिन बिना गैस सिलेंडर दिए ही उनके पास ‘सक्सेसफुल डिलीवरी’ का मैसेज आ जाता है.
  • खुले बाजार में बिक्री: उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी संचालक और वेंडर आम जनता को गैस न देकर अधिक कीमतों पर घरेलू सिलेंडरों को होटलों और खुले बाजार में अवैध रूप से बेच रहे हैं.
  • दफ्तर बंद कर भागे कर्मी: जब लोग इसकी शिकायत लेकर दफ्तर जाते हैं, तो कोई सुनने वाला नहीं होता. पिछले तीन दिनों से एजेंसी के कर्मचारी कार्यालय बंद कर गायब थे, जिससे लोगों का धैर्य जवाब दे गया.

कार्यालय फूंकने की दी चेतावनी, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद खुला जाम

आक्रोशित उपभोक्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते उन्हें निर्धारित रेट पर सुचारू रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने और गैस कार्यालय को आग के हवाले करने से भी पीछे नहीं हटेंगे. हंगामा और सड़क जाम की खबर मिलते ही गायब चल रहे एजेंसी कर्मचारी आनन-फानन में दफ्तर पहुंचे और ताला खोला, जिसके बाद लोगों ने दफ्तर के भीतर भी जमकर विरोध दर्ज कराया.

इधर, मुख्य सड़क जाम होने की सूचना मिलते ही स्थानीय खगौल थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को ढाढस बंधाया और गैस एजेंसी के प्रबंधन से बात कर जल्द से जल्द पारदर्शी तरीके से गैस वितरण कराने का ठोस आश्वासन दिया. इसके बाद जाकर उपभोक्ताओं ने जाम हटाया और करीब एक घंटे बाद परिचालन सामान्य हो सका.

Also Read: खान सर के दो लोगों को पुलिस ने उठाया, फायरिंग वाले वीडियो ने पलटा पूरा मामला? जांच में आया नया मोड़

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन