पटना मेट्रो स्टेशन निर्माण के लिए बदलेगा बेली रोड का ट्रैफिक सिस्टम, कमर्शियल वाहनों के रूट में होगा बड़ा बदलाव

Updated:
विज्ञापन

पटना मेट्रो

Patna Metro Construction : पटना में मेट्रो स्टेशन निर्माण को लेकर बेली रोड के एक फ्लैंक को बंद करने की तैयारी है. 20-21 जून को प्रस्तावित ट्रायल नीट परीक्षा के कारण टाल दिया गया है. नया ट्रैफिक प्लान लागू होने पर कमर्शियल और निजी वाहनों के रूट में बड़े बदलाव किए जाएंगे.

विज्ञापन

Patna Metro Construction : (नितिश सिंह की रिपोर्ट) राजधानी पटना में मेट्रो स्टेशन निर्माण कार्य को लेकर बेली रोड पर यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी की गई है. इंकम टैक्स गोलंबर, विकास भवन और चिड़ियाघर के पास मेट्रो स्टेशन निर्माण के दौरान बेली रोड के एक फ्लैंक को पूरी तरह बंद किया जाएगा. हालांकि, नए ट्रैफिक प्लान को लागू करने से पहले 20 और 21 जून को प्रस्तावित ट्रायल फिलहाल स्थगित कर दिया गया है.

इंकम टैक्स से चिड़ियाघर की ओर जाने वाला फ्लैंक रहेगा बंद

ट्रैफिक पुलिस द्वारा तैयार योजना के अनुसार इंकम टैक्स गोलंबर से चिड़ियाघर की ओर जाने वाला एक फ्लैंक पूरी तरह बंद रहेगा. बेली रोड के दूसरे फ्लैंक पर केवल इंकम टैक्स गोलंबर से दानापुर की ओर जाने वाले निजी वाहनों का सीमित संख्या में परिचालन होगा. इससे मेट्रो निर्माण कार्य को सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा.

कमर्शियल वाहनों का रूट किया जाएगा डायवर्ट

नई व्यवस्था के तहत इंकम टैक्स गोलंबर से विकास भवन और गोल्फ क्लब की ओर जाने वाले कमर्शियल वाहनों, टेंपो और ई-रिक्शा के परिचालन पर रोक रहेगी. इन वाहनों को वीरचंद पटेल पथ की ओर मोड़ा जाएगा. इसके बाद आर ब्लॉक, हार्डिंग रोड, पटेल गोलंबर, एयरपोर्ट और डुमरा चौकी होते हुए वाहन पुनः बेली रोड में प्रवेश करेंगे.

नीट परीक्षा के कारण टला ट्रायल

नए ट्रैफिक प्लान को लागू करने से पहले 20 और 21 जून को ट्रायल किया जाना था. लेकिन राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को देखते हुए इसे फिलहाल टाल दिया गया है. ट्रैफिक एसपी सतीश कुमार ने बताया कि नीट परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसलिए ट्रायल स्थगित किया गया है. रविवार शाम तक ट्रायल की नई तिथि पर निर्णय लिया जाएगा.

दानापुर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

नए ट्रैफिक प्लान के तहत दानापुर से आयकर गोलंबर की ओर आने वाले कमर्शियल वाहनों को रूपसपुर नहर से जेपी गंगा पथ होते हुए गांधी मैदान भेजा जाएगा. वहीं निजी और कमर्शियल वाहनों को शास्त्रीनगर थाना मार्ग से राजवंशी नगर, पुनाइचक और अटल पथ की ओर जाने की अनुमति होगी.

आशियाना और दीघा क्षेत्र के लिए भी वैकल्पिक रूट

आशियाना की ओर से आने वाले वाहन दीघा-आशियाना रोड के रास्ते राजीव नगर होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे. ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि नए रूट प्लान से मेट्रो निर्माण के दौरान भी यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जा सकेगा.

इसे भी पढ़ें : कथित फर्जी एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : सांसद सुदामा प्रसाद

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन