बिहार सरकार 60 लाख रुपये प्रतिमाह किराये पर लेगी हेलीकॉप्टर, अब आसमान से देख सकेंगे राजगीर, वाल्मीकिनगर और मां मुंडेश्वरी धाम की खूबसूरती

Updated:
विज्ञापन

बिहार हेली टूरिज्म की सांकेतिक तस्वीर, सर्कल में सीएम सम्राट

Bihar Heli Tourism: बिहार सरकार ने राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का फैसला लिया है. अब आप राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर का हवाई नजारा ले सकेंगे. यह सेवा हर शनिवार और रविवार को उपलब्ध होगी.

विज्ञापन

Bihar Heli Tourism: बिहार घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है. अब राज्य के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों का हवाई दर्शन भी किया जा सकेगा. बिहार सरकार ने हेली टूरिज्म सेवा शुरू करने का फैसला लिया है. इसके तहत पहले चरण में राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी.

कैबिनेट ने दी 3.30 करोड़ रुपये की मंजूरी

बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस योजना को मंजूरी दे दी गई. सरकार हेलीकॉप्टर को 60 लाख रुपये प्रति माह के किराये पर लेगी. इसके लिए कुल 3 करोड़ 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं. योजना के पहले चरण में 15 जनवरी 2027 तक उड़ानों का संचालन किया जाएगा.

हर शनिवार और रविवार को मिलेगी हवाई सैर

हेली टूरिज्म सेवा का संचालन हर शनिवार और रविवार को किया जाएगा. पर्यटक हेलीकॉप्टर से वाल्मीकिनगर के घने जंगल, कैमूर का प्राचीन मां मुंडेश्वरी मंदिर और नालंदा का ऐतिहासिक शहर राजगीर का हवाई नजारा देख सकेंगे.

पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी

इस योजना का संचालन सिविल विमानन विभाग करेगा. विभाग ने वीकेंड टूरिज्म को ध्यान में रखते हुए पूरी उड़ान योजना तैयार कर ली है. सरकार का मानना है कि हवाई पर्यटन शुरू होने से बिहार के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी.

हेलीकॉप्टर मिलते ही शुरू होगी सेवा

सिविल विमानन विभाग के अनुसार, हेलीकॉप्टर की उपलब्धता सुनिश्चित होते ही प्रस्तावित उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा. इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

पटना में पहले ही शुरू हो चुकी है जॉय राइड

हेली टूरिज्म की शुरुआत पटना से हो चुकी है. 18 जुलाई से राजधानी में हेलीकॉप्टर जॉय राइड सेवा शुरू की गई थी. इसके लिए प्रति व्यक्ति 2,100 रुपये किराया तय किया गया है. करीब 10 मिनट की इस हवाई सैर के दौरान पर्यटक लगभग 1,200 फीट की ऊंचाई से पटना शहर का नजारा देख सकते हैं. इस दौरान गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब समेत शहर के कई प्रमुख स्थल आसमान से दिखाई देते हैं.

आगे और जगहों को भी मिलेगा मौका

सरकार पहले छह महीने तक इस योजना की निगरानी करेगी. इस दौरान पर्यटकों की संख्या और लोगों की प्रतिक्रिया का आकलन किया जाएगा. यदि योजना सफल रहती है, तो आने वाले समय में बिहार के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी हेली टूरिज्म सेवा से जोड़ा जाएगा.

Also Read: बिहार में VIP सवारी होगी और शाही, मंत्री और जज अब 37 लाख रुपये तक की लग्जरी कार में करेंगे सफर, जानिए नई परचेज लिमिट



विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन