पटना में पेंट-केमिकल गोदाम में भीषण आग, 50 लाख से अधिक का सामान जलकर राख

Updated:
विज्ञापन

गाेदाम में लगी आग को बुझाते कर्मी

पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक पेंट-केमिकल गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये के माल का नुकसान हुआ। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि काबू पाने में घंटों लग गए। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

विज्ञापन

Patna News : पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के चक बैरिया कर्णपुरा में मंगलवार को पेंट मैन्युफैक्चरिंग हाउस सह केमिकल गोदाम में भीषण आग लग गयी. आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम आग की लपटों से घिर गया. करीब पांच घंटे तक गोदाम धधकता रहा. आग पर काबू पाने के लिए पटना से करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियों को लगाया गया. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, घटना में 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गयी.

पेंट और केमिकल के कारण तेजी से फैली आग

गोदाम में पेंट, केमिकल, कच्चा माल और तैयार सामान बड़ी मात्रा में रखा था. ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती गयी. आग की ऊंची लपटें और काला धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा.


आग बुझाने के लिए पहुंची दमकल
आग बुझाने के लिए पहुंची दमकल

एक दर्जन दमकल गाड़ियों ने पांच घंटे में पाया काबू

आग की भयावहता को देखते हुए पटना से करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. अग्निशमन कर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान गोपालपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में लोगों की आवाजाही पर नजर रखी.

सोमवार को ही आया था 50 लाख का कच्चा माल

बताया जाता है कि पेंट मैन्युफैक्चरिंग हाउस को करीब दो महीने पहले ही चक बैरिया कर्णपुरा में स्थानांतरित किया गया था. गोदाम कर्मचारी के अनुसार, सोमवार को ही करीब 50 लाख रुपये का कच्चा माल गोदाम में लाया गया था. आग की चपेट में आने से बड़ी मात्रा में यह कच्चा माल जल गया. इसके अलावा तैयार पेंट और अन्य सामान के भी पूरी तरह नष्ट होने की बात कही जा रही है.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

सदर-2 के एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की बात सामने आयी है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.

आग में जल गया गोदाम का बोर्ड

आग इतनी भीषण थी कि गोदाम का बोर्ड और पहचान से जुड़ी अन्य सामग्री भी जल गयी. इससे तत्काल मैन्युफैक्चरिंग हाउस का नाम स्पष्ट नहीं हो सका. पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग पूरी तरह बुझने के बाद गोदाम की जांच कर नुकसान का आकलन करेगी.

आग की खबर सुनते ही निकले मालिक, रास्ते में बिगड़ी तबीयत

गोदाम में आग लगने की सूचना मिलने के बाद मालिक घटनास्थल के लिए रवाना हुए. हालांकि, रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी. उन्हें हार्ट अटैक जैसे लक्षण महसूस होने के बाद तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की कुल राशि का आकलन करने में जुटी है.


विज्ञापन
अजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन