मसौढ़ी के पन्नू लाल सिंह कॉलेज को मिला नया सेमिनार हॉल, मंत्री बोले- छात्रों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
मंत्री श्रवण कुमार को सम्मानित करते हुए
बिहार सरकार छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है. शिक्षा मंत्री श्रवण कुमार ने कॉलेजों में खेल, कला और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाओं के विस्तार की घोषणा की है.
Minister Shravan Kumar : बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राज्य सरकार छात्र-छात्राओं के बेहतर भविष्य को लेकर प्रतिबद्ध है. शिक्षा के साथ खेल, कला और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को भी हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है. कॉलेजों में विद्यार्थियों के लिए जरूरी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके.
नवनिर्मित सेमिनार हॉल का किया उद्घाटन
मंत्री मंगलवार को मसौढ़ी के जतीचक स्थित पन्नू लाल सिंह महाविद्यालय में नवनिर्मित सेमिनार हॉल के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे. इससे पहले उन्होंने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर सेमिनार हॉल का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है.
कुलपति ने कॉलेज की व्यवस्थाओं की सराहना की
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) उपेंद्र प्रसाद सिंह ने महाविद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि कॉलेज की लाइब्रेरी, क्लासरूम और पूरे कैंपस की व्यवस्था उनकी अपेक्षाओं से कहीं बेहतर और अनुशासित है. वित्त रहित (सेल्फ फाइनेंस) संस्थान होने के बावजूद कॉलेज प्रशासन ने जिस स्तर की सुविधाएं और शैक्षणिक वातावरण विकसित किया है, वह सराहनीय है. उन्होंने इसे दूसरे संस्थानों के लिए भी मिसाल बताया.
कॉलेज को राजकीय दर्जा देने की मांग
शासी निकाय की अध्यक्ष व विधान पार्षद डॉ. अनामिका सिंह पटेल ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है. पूर्व विधायक पूनम देवी ने कहा कि मसौढ़ी विधानसभा क्षेत्र में एक भी सरकारी कॉलेज नहीं है. उन्होंने मंत्री से पन्नू लाल सिंह महाविद्यालय को राजकीय कॉलेज का दर्जा दिलाने की मांग की.
क्षतिग्रस्त सड़क दुरुस्त कराने का आश्वासन
मसौढ़ी विधायक अरुण मांझी ने कॉलेज तक पहुंचने वाले क्षतिग्रस्त रास्ते को दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों को कॉलेज आने-जाने में परेशानी नहीं होने दी जाएगी.
शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक रहे मौजूद
समारोह की अध्यक्षता डॉ. अनामिका सिंह पटेल ने की, जबकि अतिथियों का स्वागत प्रभारी प्राचार्य डॉ. दामोदर सिंह ने किया. मौके पर पूर्व उपकुलपति प्रो. गणेश महतो, सचिव डॉ. पारसनाथ सिंह, एसडीओ धनराज कुमार, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ. अनिल कुमार सिंह, कॉलेज निरीक्षक डॉ. कृष्णनंदन प्रसाद, सिंडिकेट सदस्य प्रतिभा सिंह, पूर्व विधायक पूनम देवी, प्रो. सुबोध कुमार, पूर्व मुख्य पार्षद पंकज कुमार सिंह समेत शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी, विद्यार्थी, अभिभावक और अन्य गणमान्य मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









