पटना: गौशाला में सो रहे व्यक्ति की सिर में गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

सांकेतिक तस्वीर
Patna Crime News : पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र में गौशाला में सो रहे 60 वर्षीय किसान की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. सूचना पर पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची. अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
Patna Crime News : मोकामा थाना क्षेत्र के मोर पश्चिमी पंचायत में मंगलवार की देर रात अपराधियों ने गौशाला में सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान मोर पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या-12 निवासी 60 वर्षीय भुखन यादव के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार वह प्रतिदिन रात में मोर पश्चिमी पंचायत के वार्ड संख्या-12 स्थित अपनी गौशाला में सोने जाते थे. बुधवार सुबह ग्रामीण जब गौशाला पहुंचे तो वहां खून फैला हुआ था और भुखन यादव अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े मिले. इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई.
सिर में मारी गई गोली
सूचना मिलते ही एसडीपीओ राम कृष्ण और मोकामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक के पुत्र विकास कुमार ने बताया कि उनके पिता का किसी से कोई गंभीर विवाद नहीं था, इसलिए हत्या की वजह समझ में नहीं आ रही है. एसडीपीओ राम कृष्ण ने बताया कि भुखन यादव की नजदीक से सिर में गोली मारकर हत्या की गई है. फिलहाल परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है.
डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए. परिजनों के आवेदन के आधार पर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर अपराधियों की पहचान में जुटी है.
इसे भी पढ़ें : पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










