पटना के कोहवां फायरिंग कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार, देसी राइफल व कारतूस बरामद

फायरिंग कांड में गिरफ्तार आरोपी
Patna Crime News : पटना के दनियावां थाना क्षेत्र के कोहवां गांव में मारपीट और फायरिंग मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान एक देसी राइफल, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ. दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है.
पटना से एस.के. सिंह की रिपोर्ट
Patna Crime News : पटना जिले के दनियावां थाना क्षेत्र के कोहवां गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी राइफल, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया है. मामले में दोनों पक्षों से 10 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
फायरिंग में एक को गोली लगी, दूसरे का सिर फूटा
फतुहा एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि रविवार रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि कोहवां गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग हो रही है. घटना में गांव निवासी कौशलेन्द्र कुमार, स्व. जनकधारी सिंह के पुत्र, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति सिर में गंभीर चोट लगने से घायल हुआ. घायल कौशलेन्द्र कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया.
छापेमारी में हथियार बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष खुशबू खातून एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने रविकांत सिंह के घर छापेमारी की. तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में लकड़ी के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई 315 बोर की एक देसी राइफल, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया. पुलिस ने मौके से रविकांत सिंह और दिनेश यादव को गिरफ्तार कर लिया.

दोनों पक्षों से हुई है प्राथमिकी
एसडीपीओ ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से 10 लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसके अलावा बरामद हथियार के संबंध में पुलिस ने अलग से आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
इसे भी पढ़ें: आरा में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर AISA का प्रदर्शन, पेपर लीक के विरोध में रखा सामूहिक उपवास
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










