पटना: 25 लाख की रंगदारी और अपहरण-हत्या की साजिश का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
पटना: 25 लाख की रंगदारी और अपहरण-हत्या की साजिश का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Patna Crime News : पटना के फतुहा स्थित नदी थाना पुलिस ने 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी और अपहरण-हत्या की साजिश रचने के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी संजीव कुमार राय को गिरफ्तार किया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया.

विज्ञापन

Patna Crime News : नदी थाना पुलिस ने 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने तथा अपहरण कर हत्या की साजिश रचने के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है. मामले में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है.

फतुहा एसडीपीओ अवधेश कुमार ने बताया कि जेठूली निवासी शिवचन्द्र राय हाल ही में मिजोरम पुलिस से सेवानिवृत्त हुए हैं. सेवा निवृत्ति के बाद उन्हें करीब एक करोड़ रुपये की राशि सेवानिवृत्ति लाभ के रूप में मिली थी. इसी की जानकारी मिलने के बाद अपराधियों ने उनके पुत्र राजन कुमार को निशाना बनाकर रंगदारी वसूलने की योजना बनाई.

मोबाइल पर मिल रही थी लगातार धमकी

राजन कुमार ने नदी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि उनके मोबाइल पर लगातार कॉल कर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी. रुपये नहीं देने पर हत्या करने तथा पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही थी. लगातार मिल रही धमकियों से परिवार दहशत में था.

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल्स और मानवीय अनुसंधान के आधार पर संदिग्धों की पहचान की. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी केवल रंगदारी मांगने तक सीमित नहीं थे, बल्कि पीड़ित का अपहरण कर उसकी हत्या की साजिश भी रच रहे थे.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेठूली निवासी 39 वर्षीय संजीव कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और सिम बरामद किया गया. मामले में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है.

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

एसडीपीओ ने बताया कि मामले की जांच जारी है. यदि इस साजिश में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई में पुनपुन अंचल के पुलिस निरीक्षक, नदी थाना के थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, एसआई विवेक कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस की तत्परता से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है.

Also Read: पटना में DSP ऑफिस के सामने 37 करोड़ की जमीन पर कब्जा करने पहुंचे 17 बदमाश गिरफ्तार, अवैध हथियार और लग्जरी गांड़ियां बरामद

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन