ePaper

Patna: दहेज के दलदल में धंसी एक और जान, खेत में मिली नवविवाहिता की लाश

Updated at : 15 May 2025 10:22 AM (IST)
विज्ञापन
Patna

Patna (सांकेतिक)

Patna: पटना के घोसवरी थाना क्षेत्र में दहेज की लालच ने एक नवविवाहिता की जान ले ली. शादी के डेढ़ साल बाद खेत में उसका शव मिला, गले पर फंदे के निशान थे. परिवार का आरोप है बुलेट और सोने की मांग ने बेटी को निगल लिया.

विज्ञापन

Patna: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित घोसवरी थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न की पीड़ा झेल रही एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. मृतका का शव मोकामा थाना क्षेत्र के शिवनार गांव के पास मकई के खेत में मिला. मृत युवती की उम्र 23 साल थी और उसकी शादी को मात्र 18 महीने ही हुए थे. गले पर फांसी के फंदे का गहरा निशान मिला है, जिससे मौत के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.

सुबह हुई बात, दोपहर में आई लाश की सूचना

मृतका के चाचा विजय कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे परिवार की अपनी भतीजी से फोन पर बात हुई थी. वह सामान्य लग रही थी और किसी तरह की चिंता जाहिर नहीं की थी. लेकिन घंटे भर बाद ग्रामीणों से फोन आया कि उसकी लाश गांव के ही खेत में पड़ी है. जब परिजन ससुराल पहुंचे, तो घर में ताला लगा मिला और सभी लोग फरार थे.

शादी में सात लाख का दहेज, फिर भी बुलेट और दो लाख की मांग

चाचा ने आरोप लगाया कि विवाह के समय लड़की वालों ने सात लाख रुपये और जेवरात समेत तमाम दहेज दिया था. लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले लगातार और मांग कर रहे थे—बुलेट बाइक, सोने की चेन और दो लाख रुपये. मांगें पूरी न होने पर मृतका को प्रताड़ित किया जाता था.

पुलिस को आत्महत्या का शक, परिजनों को हत्या का यकीन

घोसवरी थाना अध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के बयान इसे हत्या की ओर इशारा करते हैं. शव को खेत में फेंकने और साक्ष्य छुपाने की कोशिशों की जांच की जा रही है.

Also Read: चाय-सिगरेट का पैसा मांगना बना जान का सौदा!बाढ़ में दुकानदार को मारी गोली

सुप्रीम कोर्ट में काम करता है पति, लेकिन अब फरार

मृतका का पति दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट में वकील का मुंशी है, बावजूद इसके वह घटना के बाद से फरार है. परिजनों का कहना है कि कानून से जुड़े होने के बावजूद अगर न्याय नहीं मिला, तो फिर आम परिवारों के लिए इंसाफ की उम्मीद कहां है?

विज्ञापन
Anshuman Parashar

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन