ePaper

बिहार में ट्रेन की चेन पुलिंग कर कोच अटेंडेंट को खिंचकर ले गए शराब तस्कर! जानिए पटना-मोकामा रूट की घटना

Updated at : 05 Sep 2025 10:07 PM (IST)
विज्ञापन
Patna News

सांकेतिक

Patna News: पटना-मोकामा रेलखंड पर शुक्रवार को दिनदहाड़े खौफनाक वारदात हुई. पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में सवार कोच अटेंडेंट को शराब तस्करों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोककर जबरन उतार लिया और मारपीट के बाद अपने वाहन में बैठाकर ले गए. रेल पुलिस और प्रशासन जांच में जुटे हैं.

विज्ञापन

Patna News: बिहार में पटना जिला के बाढ़ रेलवे स्टेशन और शहरी रेल हाल्ट के बीच शुक्रवार को एक खौफनाक घटना हुई. पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से सफर कर रहे कोच अटेंडेंट को बेखौफ शराब तस्करों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोककर जबरन नीचे उतार लिया और मारपीट करते हुए वाहन पर बिठाकर अपने साथ ले गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह वारदात सुबह करीब 11:14 बजे पंडारक के लेमुआबाद हाल्ट के पास हुई. इसके बाद ट्रेन को दोबारा रवाना किया गया और वह 11:40 बजे बाढ़ स्टेशन पहुंची.

सूचना देने का बना कारण

सूत्रों का कहना है कि अपहृत कोच अटेंडेंट ने कुछ समय पहले शराब तस्करी के गिरोह की गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई थी. इसी बात से नाराज होकर गिरोह ने यह सुनियोजित कार्रवाई की. बताया जाता है कि तस्करों ने कोच अटेंडेंट को धमकी दी थी कि अवैध धंधे में हुए उनके नुकसान की भरपाई भी उसी से कराई जाएगी.

रेल पुलिस-प्रशासन में मचा हड़कंप

वारदात की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया. मोकामा और बाढ़ रेल थानों की टीम ने पंडारक, लेमुआबाद, सिकंदरपुर और बाढ़ इलाके में छापेमारी शुरू कर दी. मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाशी जारी है. पूर्वी क्षेत्र के रेल डीएसपी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

पूरे मामले में अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है. बाढ़ रेल थानाध्यक्ष ने फोन कॉल रिसीव नहीं किया, जबकि देर रात तक न तो कोच अटेंडेंट का कोई सुराग मिला और न ही उसके परिजनों से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस फिलहाल जांच का हवाला दे रही है.

Also Read: पटना के फतुहा में थर्माकोल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे 70 मजदूर

विज्ञापन
Anshuman Parashar

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन