पटना में 9 महीने में 15 एनकाउंटर, पुलिस ने 14 के पैर में मारी गोली, 1 अपराधी ढेर
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 02 Mar 2026 6:19 PM
मरीन ड्राइव पर एनकाउंटर के बाद की तस्वीर
Encounter In Bihar: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ रही है. पिछले 9 महीनों में 15 एनकाउंटर हो चुके हैं. ताजा मुठभेड़ पटना के जेपी गंगा पथ पर हुई, जहां फायरिंग के बाद एक वांछित अपराधी को गोली मारकर गिरफ्तार किया गया.
Encounter In Bihar: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का रुख सख्त दिख रहा है. पिछले 9 महीनों में 15 एनकाउंटर हो चुके हैं. इनमें एक कुख्यात अपराधी ढेर किया गया. बाकी मामलों में ज्यादातर आरोपितों के पैर में गोली मारकर उन्हें गिरफ्तार किया गया. ताजा मामला पटना के जेपी गंगा पथ का है. यहां पीएमसीएच के पास पुलिस ने एक अपराधी को मुठभेड़ में पकड़ लिया.
जेपी गंगा पथ पर मुठभेड़
मुठभेड़ में घायल अपराधी की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है. वह वैशाली के हाजीपुर का रहने वाला है. उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास सहित चार मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, 28 जनवरी को वह अपने साथी पीयूष के साथ सिविल कोर्ट में पेशी पर आए कुख्यात सुबोध सिंह गैंग के आरोपी ‘तातिया’ की हत्या करने आया था. उस दिन उसका साथी पकड़ा गया था, लेकिन अमित फरार हो गया था.
इंस्टाग्राम से मिली लोकेशन
अमित की तलाश में पुलिस वैशाली और पटना में लगातार दबिश दे रही थी. दो दिन पहले सूचना मिली कि वह पटना में छिपा है. पुलिस उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रख रही थी. जैसे ही उसने इंस्टाग्राम अकाउंट खोला, पुलिस को लोकेशन ट्रेस हो गई.
टीम तुरंत जेपी गंगा पथ पहुंची. पुलिस को देखते ही अमित ने फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी और उसे गिरफ्तार कर लिया.
एनकाउंटर की लिस्ट
- 11 जून 2025, बिहटा: पुलिस हिरासत से भाग रहे हत्यारोपित के पैर में गोली मारी गई.
- 13 जून, खुशरूपुर: पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद अपराधी के पैर में गोली मारी गई.
- 13 जून, दानापुर: आरोपित ने फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी.
- 25 जून, जेपी गंगा पथ: एसटीएफ ने आठ मामलों में वांछित अपराधी के पैर में गोली मारी.
- 7 जुलाई, मालसलामी: ईंट-भट्ठे के पास मुठभेड़ में विकास उर्फ राजा ढेर हुआ.
- 13 जुलाई, रानी तालाब: लूटपाट के मामले में गिरफ्तार आरोपित के पैर में गोली मारी गई.
- 6 अगस्त, फुलवारी क्षेत्र: कुख्यात को पकड़ने गई पुलिस पर फायरिंग हुई. जवाब में अपराधी के पैर में गोली लगी.
- 15 अगस्त, रानी तालाब: पुलिस और आरोपित के बीच मुठभेड़ में उसके पैर में गोली मारी गई.
- 17 अगस्त, आलमगंज: पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ में पैर में गोली लगी.
- 16 नवंबर, खुशरूपुर: पुलिस और इनामी अपराधी के बीच मुठभेड़ में अपराधी के पैर में गोली लगी.
- 10 दिसंबर, जानीपुर: बैंककर्मी से रंगदारी मांगने वाले आरोपित के साथ मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी.
- 2 जनवरी 2026, खगौल: इनामी अपराधी के साथ मुठभेड़ में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी.
- 15 जनवरी, मनेर: लूटकांड के आरोपित को मुठभेड़ के बाद पैर में गोली मारी गई.
- 22 जनवरी, मसौढ़ी: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अपराधी के साथ मुठभेड़ में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी.
- 1 मार्च, जेपी गंगा पथ: पुलिस मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान अपराधी के पैर में गोली लगी.
पुलिस का संदेश साफ
लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस का संदेश साफ है. अपराधियों को अब खुली छूट नहीं मिलेगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. पटना और आसपास के इलाकों में पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ का माहौल बताया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










