पटना : तीसरे दिन भी सफाईकर्मियों की हड़ताल जारी, कचरे के ढेर से जूझ रहा मसौढ़ी
प्रदर्शन करते सफाईकर्मी
मसौढ़ी नगर परिषद के सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर तीसरे दिन भी हड़ताल पर हैं. इस हड़ताल ने पूरे शहर में कचरा संकट पैदा कर दिया है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी हो रही है. नियमितीकरण और मानदेय वृद्धि की मांगें अनसुनी हैं.
Patna News : पटना जिले के मसौढ़ी नगर परिषद के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रही. विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने मसौढ़ी थाना के समीप से हाथों में झाड़ू और बैनर लेकर शहर में विरोध मार्च निकाला. मार्च नगर परिषद कार्यालय पहुंचा, जहां कर्मियों ने करीब एक घंटे तक प्रदर्शन कर अपनी मांगों को दोहराया.
नियमितीकरण और मानदेय बढ़ाने की मांग
प्रदर्शनकारी कर्मियों ने ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, सभी सफाई कर्मियों को नियमित करने तथा मानदेय बढ़ाने की मांग की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
शहर में गहराया कचरा संकट
हड़ताल का असर अब पूरे शहर में दिखाई देने लगा है. बाजार, मुख्य सड़कें, गली-मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े-कचरे का अंबार लग गया है. गंदगी और दुर्गंध से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं मच्छरों की बढ़ती संख्या के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है.
सड़कों पर फैले कचरे से बढ़ी परेशानी
हड़ताल के दौरान रविवार रात कुछ सफाई कर्मियों द्वारा मेन रोड और स्टेशन रोड पर जमा कचरे को सड़क पर फैला दिए जाने की चर्चा रही. सोमवार को पूरे दिन राहगीरों और वाहन चालकों को कचरे के बीच से गुजरना पड़ा, जिससे आवागमन प्रभावित रहा और लोगों में नाराजगी देखी गई.
उच्चस्तरीय निर्देश का इंतजार
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजू रंजन ने बताया कि पटना नगर निगम में चल रहे सफाई कर्मियों के आंदोलन के समर्थन में मसौढ़ी के कर्मी भी हड़ताल पर हैं. उन्होंने कहा कि विभाग को उच्च स्तर से निर्देश मिलने का इंतजार है. आदेश प्राप्त होते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










