बांकीपुर जीत के बाद प्रशांत किशोर ने लिया निर्वाचन प्रमाण पत्र, बोले- यह जनता के विश्वास और बदलाव की जीत
Prashant Kishor Won Bankipur Seat: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर निर्वाचन प्रमाण पत्र लेने पहुंचे. उनकी जीत पर समर्थकों में खासा उत्साह है और इसे बिहार की राजनीति में एक नए विकल्प के उदय के रूप में देखा जा रहा है.
Prashant Kishor Won Bankipur Seat: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर सोमवार को निर्वाचन प्रमाण पत्र लेने एएन कॉलेज पहुंचे. प्रमाण पत्र प्राप्त करने के दौरान उनके साथ पार्टी के कई नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे. एएन कॉलेज परिसर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया और जीत की बधाई दी.
प्रमाण पत्र लेने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि यह जीत किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि बांकीपुर की जनता के भरोसे की जीत है. उन्होंने कहा कि जनता ने बदलाव की राजनीति पर विश्वास जताया है और अब उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि वह बांकीपुर की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे.
उन्होंने कहा कि जनसुराज बिहार में सकारात्मक राजनीति और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है. जिन लोगों ने समर्थन दिया है, उनका आभार है और जिन्होंने समर्थन नहीं दिया, उनका विश्वास जीतने के लिए भी काम किया जाएगा.

1995 के बाद पहली बार भाजपा को मिली हार
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा के प्रभाव वाली सीट मानी जाती रही है. उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत के बाद भाजपा को बड़ा झटका लगा है. 1995 के बाद पहली बार इस सीट पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है. राजनीतिक जानकार इस परिणाम को बिहार की राजनीति में नए समीकरणों की शुरुआत के रूप में देख रहे हैं.
समर्थकों में दिखा जबरदस्त उत्साह
प्रशांत किशोर के एएन कॉलेज पहुंचने के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर खुशी जताई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया. समर्थकों ने इसे जनसुराज की बढ़ती स्वीकार्यता और बिहार में नई राजनीतिक दिशा की शुरुआत बताया.
जनसुराज के लिए बड़ी उपलब्धि
बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत जनसुराज के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि मानी जा रही है. चुनावी रणनीतिकार से सीधे चुनावी राजनीति में उतरे प्रशांत किशोर ने पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की है. इस जीत के बाद बिहार की राजनीति में जनसुराज की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए