पटना : जला ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो सड़क पर उतरे 250 परिवार, चार घंटे जाम रहा मसौढ़ी-पितमास मार्ग

Updated:
विज्ञापन

सड़क जाम करते लोग

मसौढ़ी के हांसाडीह मुसहरी में ट्रांसफार्मर जलने से 250 परिवार पिछले 20 दिनों से पेयजल की गंभीर समस्या का सामना कर रहे थे. पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर बदला.

विज्ञापन

Patna News : मसौढ़ी में जले ट्रांसफार्मर और पेयजल संकट से परेशान हांसाडीह मुसहरी के सैकड़ों ग्रामीण बुधवार को सड़क पर उतर आये. मसौढ़ी-पितमास मार्ग पर हांसाडीह के पास ग्रामीणों ने सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का कहना था कि करीब 20 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिससे करीब 250 परिवारों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया था.

एक चापाकल के भरोसे 250 परिवार

ग्रामीणों के अनुसार, बिजली नहीं रहने से सबसे बड़ी समस्या पानी की हो गयी थी. हांसाडीह मुसहरी के करीब 250 परिवार एक ही चापाकल पर निर्भर हैं. बिजली रहने पर मोटर के जरिये पानी की व्यवस्था हो जाती थी, लेकिन ट्रांसफार्मर जलने के बाद लोगों को पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी. ग्रामीणों ने हांसाडीह मुसहरी में अतिरिक्त चापाकल लगाने की भी मांग की.

विधायक के सामने भी रखी थी मांग

ग्रामीणों ने बताया कि हाल में विधायक अरुण मांझी और मुख्य पार्षद पिंकी देवी के हांसाडीह आने के दौरान भी ट्रांसफार्मर बदलने की मांग रखी गयी थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को सड़क जाम कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन का नेतृत्व अशोक मांझी, बृहस्पति मांझी, महेश मांझी, छोटन मांझी, दिनेश मांझी, सिया शरण मांझी, सुनीता देवी, कलावती देवी और राजमणिया देवी समेत अन्य ग्रामीणों ने किया.

बिजली कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बदला ट्रांसफार्मर

सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. इसी दौरान बिजली विभाग के कर्मचारी भी पहुंचे और ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन दिया. कनीय विद्युत अभियंता रंजीत कुमार ने बताया कि हांसाडीह में पहले भी दो बार ट्रांसफार्मर बदला जा चुका है. बुधवार को फिर नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है. ट्रांसफार्मर बदलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया. करीब चार घंटे बाद मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका.


विज्ञापन
अजय कुमार

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन