पटना : चिरैयाटांड़-जीपीओ ओवरब्रिज से गिरा अधेड़, गंभीर रूप से घायल, पीएमसीएच में भर्ती

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर पुलिस की गाड़ी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

दरभंगा से पटना आए एक अधेड़ व्यक्ति चिरैयाटांड़-जीपीओ ओवरब्रिज से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस को नशाखुरानी गिरोह का शिकार होने की आशंका है. घायल के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है.

विज्ञापन

Patna News : पटना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार की अहले सुबह चिरैयाटांड़-जीपीओ ओवरब्रिज से गिरकर एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने उसे वीणा सिनेमा हॉल के समीप खून से लथपथ हालत में बरामद किया और इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया. घायल की पहचान दरभंगा निवासी मो. जहीर के रूप में हुई है.

विज्ञापन

ओवरब्रिज से कैसे गिरा, पुलिस कर रही जांच

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह करीब 3.30 बजे लोगों ने वीणा सिनेमा हॉल के समीप सड़क पर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा. उसके शरीर से खून निकल रहा था. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मो. जहीर गोरियाटोली के सामने बने चिरैयाटांड़-जीपीओ ओवरब्रिज से नीचे गिरा था. हालांकि वह किस परिस्थिति में ओवरब्रिज से नीचे गिरा, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. घायल की हालत गंभीर होने के कारण वह पुलिस को तत्काल कोई जानकारी नहीं दे सका.

स्टेशन गोलंबर के आसपास डगमगाते हुए घूम रहा था

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मो. जहीर घटना से पहले काफी देर तक स्टेशन गोलंबर से लेकर वीणा सिनेमा हॉल के आसपास घूम रहा था. इस दौरान वह डगमगाता हुआ दिखाई दे रहा था. उसकी हालत देखकर लोगों ने उसके नशाखुरानी गिरोह का शिकार होने की आशंका जतायी है.

दरभंगा से पटना आया था अधेड़

बताया जा रहा है कि मो. जहीर दरभंगा से ट्रेन के माध्यम से पटना आया था. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पटना पहुंचने के बाद उसके साथ क्या हुआ. पुलिस को आशंका है कि कहीं वह किसी नशाखुरानी गिरोह के संपर्क में तो नहीं आया था.

होश में आने के बाद सामने आएगी घटना की पूरी जानकारी

कोतवाली पुलिस ने घायल के पास मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान की और परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है, ताकि उसका बयान दर्ज कर घटना की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके. कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि घायल को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है और उसके परिजनों को सूचना दे दी गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन