दानापुर में अवैध बालू खनन और ओवरलोडिंग पर बड़ी कार्रवाई, पांच बालू लदे ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार

Author Sanjay kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई: 5 ट्रैक्टर जब्त, 5 लाख...

Patna sand mining: गंगा घाटों पर अवैध बालू खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ खनन विभाग और शाहपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है. इस अभियान में पांच बालू लदे ओवरलोड ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है. अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है.

विज्ञापन

Patna sand mining: गंगा घाटों से हो रहे अवैध बालू खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ खनन विभाग एवं शाहपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है. रविवार को दाउदपुर पेट्रोल पंप के पास छापेमारी कर बालू लदे पांच ओवरलोड ट्रैक्टरों को जब्त किया गया. हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक एवं अन्य धंधेबाज मौके से फरार हो गए. इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है.

16 जून से बालू खनन पर लगी है रोक

बताया जाता है कि 16 जून से बालू खनन पर रोक लगी हुई है. इसके बावजूद बालू माफिया द्वारा गंगा घाटों से अवैध रूप से बालू का खनन कर उसकी ढुलाई की जा रही थी. इसकी सूचना मिलने के बाद खनन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पांच ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया. खनन विभाग के अधिकारियों ने अवैध बालू खनन एवं ओवरलोडिंग के मामले में ट्रैक्टरों को जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया है.

पांच ट्रैक्टर जब्त, चालक मौके से फरार

शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि खनन विभाग के सहयोग से दाउदपुर पेट्रोल पंप के पास अवैध बालू खनन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान बालू लदे पांच ट्रैक्टरों को जब्त किया गया, जबकि चालक और अन्य धंधेबाज मौके से फरार हो गए. उन्होंने बताया कि जब्त ट्रैक्टरों के संबंध में आवश्यक जांच-पड़ताल की जा रही है और वाहन के स्वामित्व समेत अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है.

प्रत्येक ट्रैक्टर पर लगाया गया पांच लाख रुपये जुर्माना

थानाध्यक्ष ने बताया कि अवैध बालू खनन एवं ओवरलोडिंग के मामले में प्रत्येक ट्रैक्टर पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. निर्धारित जुर्माना राशि जमा करने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस और खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ आगे भी संयुक्त रूप से अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Sanjay Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjay Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन