कब शुरू होगा कन्हौली-शेरपुर 6 लेन रोड का काम? पटना को जाम से मिलेगी मुक्ति, भारी वाहनों को मिलेगा शहर के बाहर रास्ता

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक फोटो

Bihar Road Development: पटना को जाम से राहत देने के लिए कन्हौली-शेरपुर 6 लेन ग्रीनफील्ड सड़क का निर्माण अक्टूबर से शुरू होने की तैयारी है. 9 किमी लंबी इस सड़क पर 778 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इससे भारी वाहनों को शहर के बाहर से रास्ता मिलेगा और बिहटा, दानापुर समेत उत्तर-दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी बेहतर होगी.

विज्ञापन

Bihar Road Development: पटना में जाम की समस्या से राहत दिलाने और उत्तर-दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है. पटना रिंग रोड के कन्हौली-शेरपुर हिस्से में 6 लेन ग्रीनफील्ड सड़क का निर्माण अक्टूबर से शुरू होने की तैयारी है.

करीब 9 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण का काम तेजी से चल रहा है. एनएचएआई के मुताबिक करीब 4 किलोमीटर हिस्से के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. अक्टूबर तक करीब 80 फीसदी जमीन अधिग्रहण पूरा कर निर्माण एजेंसी को जमीन सौंपने का लक्ष्य है.

778 करोड़ रुपये होंगे खर्च

कन्हौली-शेरपुर 6 लेन सड़क परियोजना पर करीब 778 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसके लिए राशि आवंटित हो चुकी है. इस परियोजना में केंद्र और राज्य सरकार की 50-50 फीसदी हिस्सेदारी है.

सड़क के निर्माण के लिए कुल 177 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है. इसमें बिहटा अंचल की करीब 71 एकड़ और मनेर अंचल की करीब 105 एकड़ जमीन शामिल है.

इन गांवों की जमीन का हो रहा अधिग्रहण

बिहटा और मनेर अंचल के कई गांव इस परियोजना के दायरे में आ रहे हैं. इनमें पैनाल, कन्हौली, मुस्तफापुर, रसूलपुर विजयगोपाल और बलुआ समेत अन्य गांव शामिल हैं. रैयतों के कागजात की जांच चल रही है. मुआवजा वितरण की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है.

कन्हौली में बनेगा बड़ा जंक्शन

कन्हौली के पास इस सड़क का एक महत्वपूर्ण जंक्शन बनाया जाएगा. इसे आसपास की कई प्रमुख सड़कों से जोड़ा जाएगा. यह जंक्शन कन्हौली-रामनगर, दानापुर-बिहटा और शेरपुर-कन्हौली रोड से जुड़ेगा. इसके अलावा कन्हौली गोलंबर से जोड़ने के लिए करीब 1.5 किलोमीटर लंबा रैंप भी बनाया जाएगा. इस कनेक्टिविटी से पटना के पश्चिमी हिस्से में आने-जाने वाले लोगों को काफी फायदा होने की उम्मीद है.

शहर में नहीं घुसेंगे भारी वाहन

इस सड़क का सबसे बड़ा फायदा पटना के ट्रैफिक को मिलने वाला है.

उत्तर बिहार से आने वाले छपरा, सीवान और मुजफ्फरपुर के भारी मालवाहक वाहन दक्षिण बिहार और झारखंड की तरफ जाते समय पटना शहर के भीतर प्रवेश किए बिना आगे निकल सकेंगे. उन्हें शेरपुर-कन्हौली मार्ग से वैकल्पिक रास्ता मिल जाएगा.

इससे दानापुर, खगौल, सगुना मोड़ और बेली रोड पर भारी वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है. यानी शहर के अंदर जाम का एक बड़ा कारण बनने वाले मालवाहक वाहनों को बाहर से ही रास्ता मिल जाएगा.

बिहटा एयरपोर्ट और IIT पटना तक पहुंच आसान होगी

कन्हौली-शेरपुर सड़क को बिहटा-दानापुर एलिवेटेड रोड से भी जोड़ा जाएगा. इसका सीधा फायदा बिहटा और आसपास के इलाकों को मिलेगा. बिहटा एयरपोर्ट, IIT पटना और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा. बिहटा, मनेर और दानापुर के बीच आने-जाने में भी समय की बचत होगी. इसके अलावा रास्ते में आने वाले दर्जनों गांवों को मुख्य हाईवे नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

तीन जिलों को जोड़ेगी यह सड़क

कन्हौली-शेरपुर सड़क का असर सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहेगा. यह सड़क पटना, सारण और वैशाली तीन जिलों को कनेक्टिविटी देगी. इस परियोजना को गंगा पर बन रहे और प्रस्तावित कई बड़े प्रोजेक्ट्स से भी जोड़ने की योजना है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

शेरपुर-दीघवारा गंगा पुल से भी होगा कनेक्शन

शेरपुर-दीघवारा के बीच गंगा पुल का निर्माण चल रहा है. कन्हौली-शेरपुर सड़क का इससे भी जुड़ाव होगा. वहीं, कन्हौली से आगे का हिस्सा बिहटा-सरमेरा रोड से जुड़ेगा. इस नेटवर्क का कनेक्शन कच्ची दरगाह-बिदुपुर गंगा पुल से भी होगा. यह पुल बनकर तैयार हो चुका है.

2028 तक पूरा होगा बड़ा कनेक्टिविटी नेटवर्क

दीघवारा से बिदुपुर के बीच सड़क निर्माण का काम भी चल रहा है. इसे 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है. इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क और मजबूत होगा.

इसका फायदा सिर्फ पटना के ट्रैफिक को नहीं मिलेगा. बिहार के कई जिलों के बीच सफर आसान होगा और माल ढुलाई का समय भी कम हो सकता है.

अक्टूबर से शुरू होगा निर्माण

एनएचएआई के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार के मुताबिक कन्हौली-शेरपुर 6 लेन सड़क का निर्माण अक्टूबर तक शुरू करने की तैयारी है. करीब 9 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 4 किलोमीटर हिस्से में जमीन अधिग्रहण पूरा हो चुका है. बाकी जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है.

यानी जैसे-जैसे जमीन का अधिग्रहण पूरा होगा, वैसे-वैसे पटना रिंग रोड के इस अहम हिस्से पर निर्माण का रास्ता साफ होता जाएगा.

Also Read: 10 साल, शराबबंदी और हजारों करोड़ का नुकसान... बिहार में आखिर क्या बदला? पूरी तस्वीर आंकड़ों में समझिए



विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन