मतदाता सूची की शुद्धता को दें सर्वोच्च प्राथमिकता : जोशी

Updated:
विज्ञापन
मतदाता सूची की शुद्धता को दें सर्वोच्च प्राथमिकता : जोशी

बिहार दौरे के चौथे और अंतिम दिन सोमवार को भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त डाॅ विवेक जोशी वैशाली पहुंचे.

विज्ञापन

संवाददाता,पटना बिहार दौरे के चौथे और अंतिम दिन सोमवार को भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त डाॅ विवेक जोशी वैशाली पहुंचे. यहां जिला प्रशासन के साथ उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. उन्होंने साफ कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी स्तरों पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए. बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी यशपाल मीणा ने वैशाली जिले की निर्वाचन संबंधी तैयारियों का विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया. इसमें जिले के सभी 2,592 मतदान केंद्रों, 1,422 पोलिंग लोकेशनों और निर्वाचन लिंगानुपात जैसे आंकड़े शामिल थे. डाॅ जोशी ने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया में सभी मान्यता प्राप्त दलों की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देशित किया कि राजनीतिक दलों के साथ नियमित संवाद और बैठकों का आयोजन सुनिश्चित रूप से करें. इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर से सीधे संवाद किया. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित बीएलओ ऐप की उपयोगिता पर उनकी राय जानी. उन्होंने कहा कि संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मृत व्यक्तियों के नामों को समय रहते सूची से हटाया जाये साथ ही 16–17 वर्ष के संभावित युवा मतदाताओं की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध किया जाये. निर्वाचन लिंगानुपात पर जताई खुशी डाॅ जोशी ने वैशाली में निर्वाचन लिंगानुपात 906 बताया, जो जनगणना के अनुसार जिले के सामान्य लिंगानुपात 895 से बेहतर है. उन्होंने इसे प्रशासनिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए आगे भी युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर देने को कहा. मोतिहारी से वैशाली आते समय डा जोशी ने केसरिया स्तूप, भगवान महावीर जन्मस्थल और बासुकुंड धरोहर स्थल का भी भ्रमण किया. वैशाली में समीक्षा के बाद वह सोमवार शाम पटना हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हो गये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Rakesh Ranjan

लेखक के बारे में

By Rakesh Ranjan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन