भभुआ: नहर में डूबे से बुजुर्ग किसान की मौत, धान रोपनी की तैयारी के दौरान हुआ हादसा

Updated:
विज्ञापन
धान की रोपनी की तैयारी के दौरान नहर में डूबने से वृद्ध किसान की मौत

भभुआ में धान रोपनी की तैयारी कर रहे एक बुजुर्ग किसान की नहर में डूबने से मौत हो गई. पैर फिसलने से हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है. ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की है.

विज्ञापन

Farmer Drowns in Canal : भभुआ थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां धान की रोपनी की तैयारी के बीच एक बुजुर्ग किसान की नहर में डूबने से मौत हो गई. शुक्रवार देर शाम दादर गांव के पास हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. खेत देखने निकले किसान का इस तरह अचानक चले जाना परिवार और गांव दोनों के लिए गहरा सदमा बन गया है.

मृतक की पहचान सीवो गांव निवासी स्वर्गीय बद्री सिंह के 68 वर्षीय पुत्र रामसूरत सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अपने खेत की स्थिति देखने और धान की रोपनी की तैयारी का जायजा लेने निकले थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया.

Kaimur News : नहर किनारे फिसला पैर, गहरे पानी में डूबे

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार रामसूरत सिंह दादर गांव के पास से गुजर रही सिंचाई नहर के किनारे-किनारे चल रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सीधे नहर के गहरे पानी में जा गिरे. वहां मौजूद लोगों ने जब उन्हें गिरते देखा तो तुरंत बचाने की कोशिश की.

ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर उन्हें नहर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. पानी में डूबने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हर कोई स्तब्ध रह गया.

मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की जानकारी मिलते ही भभुआ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया. बताया गया है कि शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला पैर फिसलने के कारण नहर में गिरकर डूबने का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्पष्ट कार्रवाई की जाएगी.

परिवार में मचा कोहराम, गांव में शोक की लहर

इस घटना की खबर मिलते ही रामसूरत सिंह के घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोगों ने बताया कि वह एक मेहनती और शांत स्वभाव के किसान थे, जो अपने परिवार का पालन-पोषण पूरी जिम्मेदारी से करते थे.

उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है. लोग उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं और इस घटना को लेकर गहरा दुख जता रहे हैं.

ग्रामीणों की मांग, नहर किनारे सुरक्षा बढ़े

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं. लोगों का कहना है कि कई जगहों पर नहर के किनारे फिसलन और सुरक्षा की कमी के कारण इस तरह के हादसे होते रहते हैं.


विज्ञापन
Ranjeet Kr Patel

लेखक के बारे में

By Ranjeet Kr Patel

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन