पटना के LNJP अस्पताल में 450 बेड का सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक तैयार, 25 जुलाई से मिलेगी हाईटेक इलाज की सुविधा

Updated:
विज्ञापन

LNJP अस्पताल

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पटना के लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल में 25 जुलाई से 450 बेड वाले नए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक और ट्रॉमा सेंटर की शुरुआत हो रही है. इस अत्याधुनिक सुविधा से मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे अन्य राज्यों में इलाज कराने की आवश्यकता कम हो जाएगी.

विज्ञापन

पटना से आनंद तिवारी की रिपोर्ट

विज्ञापन

पटना लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है. 25 जुलाई से अस्पताल के नए 450 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक और ट्रॉमा सेंटर में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं शुरू होने जा रही हैं. अस्पताल प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नए भवन का उद्घाटन करेंगे. भवन का हैंडओवर बिहार मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआईसीएल) द्वारा अस्पताल प्रशासन को किया जा चुका है और ओपीडी सहित अन्य सेवाओं की शिफ्टिंग शुरू कर दी गई है.

ग्राउंड फ्लोर से दूसरे तल तक मिलेगी आधुनिक स्वास्थ्य सेवा

नए छह मंजिला भवन के ग्राउंड फ्लोर पर ओपीडी, सीटी स्कैन, एक्स-रे और माइनर ऑपरेशन थिएटर की सुविधा उपलब्ध होगी. यहां घायल मरीजों की ड्रेसिंग और प्लास्टर भी किया जाएगा. पहले तल पर फिजियोथेरेपी विभाग और 50 बेड का स्पोर्ट्स इंजरी वार्ड बनाया गया है. वहीं दूसरे तल पर 100 बेड का अत्याधुनिक वार्ड तैयार किया गया है, जहां मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जाएगा.

पांचवें तल पर छह मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर

अस्पताल के पांचवें तल पर छह अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाए गए हैं. यहां हड्डी और न्यूरो से जुड़ी जटिल सर्जरी की जाएगी. इसके अलावा रोबोटिक और नेविगेशन आधारित स्पाइन सर्जरी, एमआरआई, सीटी स्कैन, एडवांस रिहैबिलिटेशन सेंटर और स्पोर्ट्स इंजरी यूनिट जैसी सुविधाएं भी एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी. अस्पताल प्रशासन का दावा है कि इन सुविधाओं से मरीजों को दूसरे राज्यों में इलाज कराने की जरूरत काफी हद तक समाप्त हो जाएगी.

225 करोड़ की लागत से बना अत्याधुनिक भवन

करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस छह मंजिला भवन में संक्रमण रोकने के लिए लैमिनर एयर फ्लो तकनीक से लैस छह मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाए गए हैं. अस्पताल के उपनिदेशक डॉ. शक्ति किशोर ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद सर्जरी की क्षमता चार गुना तक बढ़ जाएगी. इससे मरीजों का इंतजार कम होगा और इलाज पहले से अधिक तेज व बेहतर तरीके से हो सकेगा.

स्पाइन, जॉइंट और बच्चों के हड्डी रोग के लिए अलग विंग

सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में स्पाइन ऑर्थोपेडिक्स, जॉइंट रिप्लेसमेंट, स्पोर्ट्स इंजरी और पीडियाट्रिक ऑर्थोपेडिक्स के लिए अलग-अलग विभाग बनाए गए हैं. खिलाड़ियों की चोटों के इलाज के लिए पहली बार विशेष यूनिट शुरू की जा रही है. साथ ही बच्चों के जन्मजात हड्डी रोग और जटिल विकारों के इलाज की भी आधुनिक व्यवस्था उपलब्ध होगी. ऑपरेशन के बाद मरीजों की रिकवरी के लिए एडवांस फिजियोथेरेपी और रिहैबिलिटेशन सेंटर भी बनाया गया है.

अतिरिक्त डॉक्टर और स्टाफ की होगी नियुक्ति

एलएनजेपी अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश चौधरी ने बताया कि नए भवन में सेवाएं शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है. पुराने भवन से ओपीडी को नए परिसर में स्थानांतरित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग से अतिरिक्त विशेषज्ञ डॉक्टर, स्टाफ नर्स, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, ओटी टेक्नीशियन, फिजियोथेरेपिस्ट, रेडियोग्राफर, आईसीयू स्टाफ और लैब टेक्नीशियन की मांग की गई है. उद्घाटन के बाद मरीजों को अत्याधुनिक और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन