गणित-विज्ञान मेले में पटना विभाग ओवरऑल चैंपियन बना; संगणक में भी पहला स्थान; 1,328 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
राजगीर में आयोजित गणित- विज्ञान मेला के विजेताओं को सम्मानित करते अतिथि
राजगीर में आयोजित 24वें प्रांतीय गणित-विज्ञान मेले का समापन हुआ, जिसमें 1,328 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. पटना विभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता, जबकि विज्ञान और गणित में मुंगेर व पटना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.
math science fair: विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान, नवाचार और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजगीर के पीटीजेएम सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित त्रिदिवसीय 24वें प्रांतीय गणित-विज्ञान मेला-2026 का सोमवार को समापन हुआ. तीन दिनों तक चले मेले में विभिन्न विभागों से पहुंचे बाल वैज्ञानिकों ने गणित, विज्ञान और संगणक के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और नवाचार का प्रदर्शन किया. उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पटना विभाग को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया.
विज्ञान में मुंगेर, गणित में मुंगेर और पटना संयुक्त प्रथम
प्रतियोगिता में विज्ञान वर्ग में मुंगेर विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. गणित में मुंगेर और पटना विभाग संयुक्त रूप से प्रथम रहे, जबकि संगणक वर्ग में पटना विभाग ने बाजी मारी. प्रांतीय प्रतियोगिता में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए पटना विभाग ने सर्वाधिक प्रभाव छोड़ा.
चयनित प्रतिभागी अब क्षेत्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को झारखंड के रामगढ़ में क्षेत्रीय गणित-विज्ञान प्रतियोगिता आयोजित होगी. इसमें दक्षिण बिहार के 52 विद्यालयों से चयनित प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी हिस्सा लेंगे.
पीटीजेएम विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी किया बेहतर प्रदर्शन
प्रांतीय मेले में पीटीजेएम सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने विभिन्न वर्गों में बेहतर प्रदर्शन किया. गणित शिशु वर्ग प्रयोग में संदीप कुमार और आयुष कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. गणित इनोवेटिव मॉडल में अनुष्का ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.
तरुण वर्ग प्रदर्शन में संकेत पांडेय और आरव तिवारी द्वितीय रहे. किशोर गणित पत्र-वाचन में आराध्या कुमारी ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जबकि आचार्य गणित पत्र-वाचन में रितिक शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया.
विज्ञान और संगणक में भी विद्यार्थियों ने मारी बाजी
विज्ञान प्रदर्शन में प्रशांत कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. विज्ञान प्रयोग में आयुष राज, अर्णव आर्यन, पार्थ पल्टा और रियांस देव ने प्रथम स्थान हासिल किया. संगणक शिशु वर्ग प्रदर्शन में बागीशा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं किशोर वर्ग में आयुष राज, संदर्भ प्रताप सिंह, प्रियजीत राज और प्रत्युष राज प्रथम रहे.
असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ें विद्यार्थी
समापन समारोह में भारती शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने विजयी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि हौसला, उत्साह और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प हो तो सफलता निश्चित है. गणित-विज्ञान मेला विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने का प्रभावी मंच है.
उन्होंने विद्यार्थियों से असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ने और क्षेत्रीय व अखिल भारतीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया.
1,328 प्रतिभागियों और सहयोगी कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
मेला का वृत्त-प्रतिवेदन गया विभाग के प्रमुख एवं ज्ञान-विज्ञान मेला संयोजक उमाशंकर पोद्दार ने प्रस्तुत किया. उन्होंने बताया कि प्रांतीय स्तर के आयोजन में विभिन्न विभागों और विद्यालयों से कुल 1,328 प्रतिभागियों एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की. उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर आयोजन विद्यार्थियों के बीच ज्ञान-विज्ञान के प्रति बढ़ती रुचि का परिचायक है. धन्यवाद ज्ञापन सतीश कुमार सिंह ने किया, जबकि संचालन पटना विभाग के प्रवासी कार्यकर्ता सुमन कुमार सिंह ने किया.
कई अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
समारोह में भागलपुर विभाग के विभाग निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, विद्यालय के प्राचार्य अनंत कुमार सिन्हा, उपप्राचार्य रामजी प्रसाद सिन्हा, गंगा चौधरी, क्षेत्रीय विज्ञान प्रमुख संजय कुमार सिंह, प्रांतीय वैदिक गणित प्रमुख नवनीत चंद, लव कुमार त्रिपाठी, बिपिन अश्क सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, आचार्य, दीदी, निर्णायक, अधिकारी, पूर्णकालिक कार्यकर्ता एवं अन्य मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए