बिहार में शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया तय, तीन चरणों में होगा ट्रांसफर, जानिए कब से शुरू होगा आवेदन
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी
Bihar Teacher Transfer: बिहार में शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर शिक्षा विभाग ने तीन चरणों में पूरी होने वाली प्रक्रिया की घोषणा कर दी है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि केवल आवेदन करने वाले शिक्षकों का ही तबादला होगा. जानिए कब से आवेदन शुरू होंगे और पूरी समय-सारिणी क्या है.
Bihar Teacher Transfer : बिहार में शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर शिक्षा विभाग ने पूरी प्रक्रिया स्पष्ट कर दी है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि शिक्षकों का तबादला तीन चरणों में किया जाएगा. केवल आवेदन करने वाले शिक्षकों का ही स्थानांतरण होगा. बिना आवेदन के किसी भी शिक्षक का तबादला नहीं किया जाएगा.
पहले होगा समायोजन और म्यूचुअल ट्रांसफर
शिक्षा मंत्री ने बताया कि पहले चरण में समायोजन (रैशनलाइजेशन) और पारस्परिक (म्यूचुअल) स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होगी. इसके लिए 29 जुलाई से 5 अगस्त तक आवेदन लिए जाएंगे. इसके बाद 7 से 9 सितंबर के बीच जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समिति की बैठक होगी. इसी दौरान शिक्षकवार समायोजन सूची जारी की जाएगी और प्राप्त आपत्तियों का निपटारा भी किया जाएगा.
सितंबर में पूरी होगी पारस्परिक स्थानांतरण प्रक्रिया
समायोजन के बाद दूसरे चरण में 10 से 14 सितंबर तक म्यूचुअल ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इस दौरान पात्र शिक्षकों के पारस्परिक स्थानांतरण को अंतिम रूप दिया जाएगा.
सामान्य तबादले के लिए जारी होगी नई रिक्ति सूची
समायोजन और म्यूचुअल ट्रांसफर पूरा होने के बाद 16 सितंबर को विद्यालयवार रिक्तियों की संशोधित सूची जारी की जाएगी. इसके आधार पर 17 से 23 सितंबर तक सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे.
अक्टूबर तक जारी होगी अंतिम स्थानांतरण सूची
24 सितंबर से 31 अक्टूबर तक जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियां सामान्य स्थानांतरण सूची का प्रकाशन करेंगी. इसी अवधि में प्राप्त आपत्तियों का निपटारा भी किया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके.
एसओपी का था शिक्षकों को इंतजार
बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 लागू होने के बावजूद अब तक स्थानांतरण की एसओपी जारी नहीं होने से राज्य के लाखों शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी. अब शिक्षा विभाग की ओर से पूरी समय-सारिणी स्पष्ट किए जाने के बाद शिक्षकों को स्थानांतरण प्रक्रिया को लेकर राहत मिलने की उम्मीद है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए