किसानों को उन्नत तकनीक का प्रशिक्षण मिलेगा: नीतीश

Updated:
विज्ञापन
किसानों को उन्नत तकनीक का प्रशिक्षण मिलेगा: नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को मीठापुर स्थित मत्स्य विकास भवन का निरीक्षण किया.

विज्ञापन

संवाददाता,पटना. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को मीठापुर स्थित मत्स्य विकास भवन का निरीक्षण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रथम तल पर स्थित काॅन्फ्रेंस हॉल, डायरेक्टर चैंबर, वर्क स्टेशन आदि का जायजा लिया. चौथे तल पर पहुंच कर मुख्यमंत्री ने वहां उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि मत्स्य निदेशालय के तहत इस मत्स्य विकास भवन का निर्माण कराया गया है. यहां राज्य के सभी 38 जिलों के किसानों को वैज्ञानिक और उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जायेगा. इस नये भवन में एक साथ 120 किसानों के प्रशिक्षण की व्यवस्था है. इस मत्स्य विकास भवन के प्रांगण में प्रशिक्षकों के रहने के लिए हॉस्टल का निर्माण भी कराया गया है. 54.39 करोड़ रुपये से 2.43 एकड़ में बना यह अत्याधुनिक मत्स्य विकास भवन, मछली पालन अनुसंधान केंद्र और आधुनिक प्रयोगशालाओं से सुसज्जित है. इस भवन में मत्स्य प्रक्षेत्र के विकास के संदर्भ में अनुसंधान और प्रशिक्षण संबंधी कार्य किये जायेंगे. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मत्स्य एवं पशुपालन विभाग को इस नवनिर्मित मत्स्य विकास भवन में जल्द स्थानांतरित करें. इस भवन के हर तल पर सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त ऊंचाई की रेलिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराएं. इससे मछलीपालकों को इसका लाभ मिले. कृषि रोड मैप के लागू होने से सब्जी, दूध, अंडा, मांस, फल सहित अन्य फसलों का उत्पादन बढ़ा है, जिससे किसानों को काफी लाभ मिल रहा है. बिहार को मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में भी अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में हरसंभव कोशिश की जा रही है. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डाॅ चंद्रशेखर सिंह, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, मत्स्य निदेशक तुषार सिंग्ला सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.

विज्ञापन
Kumar Prabhat

लेखक के बारे में

By Kumar Prabhat

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन