दानापुर रेल मंडल कार्यालय में हाई-वोल्टेज ड्रामा: DSTE और ऑफिस सुपरिटेंडेंट के बीच चैंबर में मारपीट
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 18 May 2026 8:40 PM
मारपीट के बाद
Railway News: पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल कार्यालय में सोमवार को संकेत एवं दूरसंचार विभाग के DSTE रंजीत कुमार भास्कर और कार्यालय अधीक्षक (OS) प्रणय कुमार के बीच टेंडर वेरिएशन को लेकर हुई बहस मारपीट में बदल गई. ओएस प्रणय कुमार ने आरोप लगाया कि पेसमेकर लगे होने और हार्ट का मरीज होने के बावजूद ठेकेदार के सामने अधिकारी ने उनकी पिटाई की, जिससे उनके कपड़े फट गए. घटना के बाद दोनों पक्षों ने खगौल थाने में एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Railway News(आनंद तिवारी): पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के दानापुर रेल मंडल कार्यालय में सोमवार की दोपहर उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया. मंडल कार्यालय में संकेत एवं दूरसंचार विभाग (S&T) के कार्यालय अधीक्षक (OS) प्रणय कुमार फटे कपड़ों में और बदहवास हालत में सीनियर अधिकारी के चैंबर से बाहर निकले. एक वरिष्ठ अधिकारी और रेल कर्मचारी के बीच चैंबर के भीतर हुई इस कथित मारपीट और गाली-गलौज की घटना से पूरे रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है.
टेंडर के वेरिएशन को लेकर चल रही थी पूछताछ, ठेकेदार भी था मौजूद
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद एक रेलवे टेंडर से जुड़े बदलाव के मुद्दे पर शुरू हुआ था. सिग्नल एंड टेलीकॉम विभाग के डीएसटीई (DSTE) रंजीत कुमार भास्कर ने कार्यालय अधीक्षक प्रणय कुमार को पूछताछ के लिए अपने सरकारी कक्ष में बुलाया था.
जिस समय यह बातचीत हो रही थी, उस वक्त चैंबर में रेलवे के एक ठेकेदार जितेंद्र कुमार सिंह भी पहले से मौजूद थे. आरोप है कि वेरिएशन के मुद्दे पर फाइल देखने के दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत का स्तर बिगड़ गया और कथित तौर पर अपशब्दों का प्रयोग किया गया. जब ओएस प्रणय कुमार ने इन अपशब्दों का विरोध किया, तो तीखी बहस हाथापाई में बदल गई.
2 महीने बाद रिटायर होने वाले हैं OS, पेसमेकर लगे होने के बावजूद पिटाई का आरोप
फटे कपड़ों में चैंबर से बाहर आने के बाद पीड़ित कार्यालय अधीक्षक प्रणय कुमार ने वहां मौजूद साथी रेलकर्मियों के सामने अपना दुखड़ा रोया. उन्होंने कहा DSTE रंजीत कुमार भास्कर ने एक निजी संवेदक के सामने मेरे साथ न सिर्फ दुर्व्यवहार किया, बल्कि मेरी बेरहमी से पिटाई भी की, जिससे मेरे कपड़े फट गए. मैं हार्ट (दिल) का मरीज हूँ और हाल ही में डॉक्टरों ने मुझे पेसमेकर लगाया है. इसके बावजूद मुझे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है.
इस घटना ने रेल कर्मचारियों के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया है. रेलकर्मियों के बीच सबसे बड़ी चर्चा इस बात को लेकर है कि कार्यालय अधीक्षक प्रणय कुमार महज दो महीने बाद अपनी सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले हैं. जीवन के आखिरी कामकाजी दिनों में एक सीनियर अधिकारी द्वारा इस तरह के बर्ताव पर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं.
खगौल थाने में दोनों पक्षों ने दिया आवेदन, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद मंडल कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए दोनों ही पक्ष तुरंत कानूनी सलाह और कार्रवाई में जुट गए. मामला अब पूरी तरह से पुलिस के पास पहुंच चुका है.
थानाध्यक्ष का बयान:
खगौल थाना के थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दानापुर रेल मंडल कार्यालय में हुई इस घटना के संबंध में दोनों ही पक्षों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुए हैं. पुलिस ने शिकायतों को दर्ज कर पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है. जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
थानाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस के पास सबसे पहले DSTE रंजीत कुमार भास्कर की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके कुछ ही देर बाद ओएस प्रणय कुमार ने भी अपनी लिखित शिकायत थाने में जमा कराई.
मंडल प्रशासन और DRM साधे हुए हैं चुप्पी
रेलवे के दो बड़े स्तर के अधिकारियों/कर्मचारियों के बीच कार्यालय के भीतर हुई इस हिंसक झड़प ने रेल प्रशासन की सुरक्षा और अनुशासन पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं. हालांकि, इस पूरे संवेदनशील मामले पर अब तक दानापुर मंडल प्रशासन की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है. इस बात की भी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है कि मामले में डीआरएम (DRM) स्तर से कोई हस्तक्षेप या विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं या नहीं.
Also Read: बेलागंज में किशोर शांतनु हत्याकांड: कई संदिग्ध हिरासत में, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










