ePaper

क्लैट पीजी का संशोधित रिजल्ट जारी, एडमिशन के लिए कल तक रजिस्ट्रेशन का मौका

Updated at : 11 Jun 2025 7:02 PM (IST)
विज्ञापन
क्लैट पीजी का संशोधित रिजल्ट जारी, एडमिशन के लिए कल तक रजिस्ट्रेशन का मौका

कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज ने दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट पोस्टग्रेजुएट (क्लैट पीजी) 2025 का संशोधित रिजल्ट बुधवार को जारी कर दिया है.

विज्ञापन

संवाददाता, पटना

कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज ने दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट पोस्टग्रेजुएट (क्लैट पीजी) 2025 का संशोधित रिजल्ट बुधवार को जारी कर दिया है. वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in/clat-2025/ के माध्यम से संशोधित स्कोर देख सकते हैं. याचिकाकर्ताओं ने एक प्रश्न को चुनौती देने के लिए 1,000 रुपये की अत्यधिक आपत्ति शुल्क के बारे में भी चिंता जतायी थी. विचार करने के बाद, अदालत ने कंसोर्टियम को सभी विसंगतियां दूर करके संशोधित परिणाम घोषित करने का आदेश दिया. इसमें उत्तर कुंजी में पायी गयी त्रुटियों को ठीक किया गया. योग्य उम्मीदवारों को उनके पंजीकृत इमेल, मोबाइल नंबर और क्लैट पोर्टल पर काउंसेलिंग के लिए आमंत्रण भेजा गया है.

इन प्रश्नों पर थी आपत्ति

प्रश्न संख्या 56 – मास्टर बुकलेट में चार विकल्पों में विसंगति के कारण प्रश्न को वापस ले लिया गया है.प्रश्न संख्या 21 – यह प्रश्न यह निर्धारित करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारक से संबंधित था कि क्या कोई गतिविधि ‘उद्योग’ का गठन करती है. कंसोर्टियम ने तर्क दिया कि विकल्प ‘बी’ सही उत्तर है जो इंगित करता है कि यह किसी प्रतिष्ठान का ‘प्रमुख कार्य’ है. हालांकि, न्यायालय ने पाया कि विकल्प सी सही उत्तर है.प्रश्न संख्या 57 – कंसोर्टियम ने स्वीकार किया कि अनुच्छेद XII उपरोक्त निर्णय का उद्धरण नहीं है. हालांकि, न्यायालय ने कंसोर्टियम से सहमति जताते हुए कहा कि विकल्प (ए) सही उत्तर है.प्रश्न संख्या 98 – अदालत ने कहा कि विकल्प बी – सैल्मंड सही उत्तर है, न कि विकल्प ए – पाउंड

काउंसेलिंग में पांच महीने की देरी

आंसर-की और परिणामों में विसंगतियों के कारण क्लैट पीजी काउंसेलिंग में पांच महीने से अधिक की देरी हुई. कंसोर्टियम ने अब एलएलएम प्रवेश के लिए क्लैट पीजी काउंसेलिंग की तिथि भी जारी कर दिया है. योग्य उम्मीदवारों को काउंसेलिंग प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा और विकल्प भरना होगा.

सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंचा था मामला

आंसर-की और परिणाम में गलतियां मिलने पर याचिकाकर्ताओं ने पहले दिल्ली उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया. हालांकि, मामला सर्वोच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया गया. बाद में, शीर्ष अदालत ने दिल्ली हाइकोर्ट को परीक्षा से संबंधित याचिका पर सुनवाई करने का आदेश दिया.

13 जून तक रजिस्ट्रेशन का मौका

रिजल्ट जारी होने के साथ ही क्लैट पीजी काउंसेलिंग 2025 के लिए रजिस्ट्रेशन 11 जून से शुरू हो गयी. जो उम्मीदवार एलएलएम प्रोग्राम में एडमिशन लेना चाहते हैं, वे 13 जून शाम पांच बजे तक काउंसेलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. आवेदन केवल वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर ऑनलाइन किया जायेगा. वे उम्मीदवार, जिन्होंने पहले ही काउंसेलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन किया है और शुल्क भर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है. संशोधित परिणाम के अनुसार योग्य हैं, लेकिन आवेदन नहीं किया है, तो आप आवेदन कर सकते हैं. जिन छात्रों ने शुल्क भर दिया था, लेकिन संशोधित मेरिट में शामिल नहीं हुए, उन्हें रिफंड मिलेगा. क्लैट पीजी 2025 के तहत एलएलएम प्रोग्राम में एडमिशन के लिए काउंसेलिंग में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को 10वीं, 12वीं की मार्कशीट, क्लैट पीजी 2025 का एडमिट कार्ड, एलएलबी या समकक्ष कानून डिग्री की मार्कशीट, हाल ही में पढ़े गये शैक्षणिक संस्थान से जारी चरित्र प्रमाणपत्र या आचरण प्रमाणपत्र, स्थानांतरण या माइग्रेशन सर्टिफिकेट, आरक्षित श्रेणी के तहत आवेदन करने पर जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांग यादि लागू हो, तो डोमिसाइल या निवास प्रमाणपत्र (यदि आप डोमिसाइल कोटे के तहत सीट के लिए आवेदन कर रहे हैं) अपलोड करने होंगे.

पूरा शेड्यूल:

प्रक्रियातारीख और समय

-एडमिशन काउंसलिंग के लिए पंजीकरण (फीस सहित) : 11 जून दोपहर एक बजे से 13 जून शाम पांच बजे तक,

-पहली अलॉटमेंट लिस्ट जारी : 17 जून सुबह 10 बजे

-पहली अलॉटमेंट लिस्ट के लिए फ्रीज, फ्लोट विकल्प के लिए कन्फर्मेशन फीस का भुगतान और एडमिशन : 17 जून सुबह 10 बजे से 20 जून दोपहर एक बजे तक

-दूसरी अलॉटमेंट लिस्ट जारी : 24 जून सुबह 10 बजे

-दूसरी अलॉटमेंट लिस्ट के लिए एडमिशन : 24 जून सुबह 10 बजे से 27 जून दोपहर एक बजे तक

-फ्रीज विकल्प चुनने वाले अभ्यर्थियों द्वारा संबंधित यूनिवर्सिटी फीस का भुगतान (पहला और दूसरा राउंड) : 30 जून शाम पांच बजे के बाद

-तीसरी और अंतिम अलॉटमेंट लिस्ट जारी : चार जुलाई सुबह 10 बजे

-तीसरी अलॉटमेंट लिस्ट के लिए एडमिशन : चार जुलाई सुबह 10 बजे से सात जुलाई दोपहर एक बजे तक

-तीसरे राउंड के फ्रीज विकल्प वाले छात्रों द्वारा संबंधित यूनिवर्सिटी फीस का भुगतान: 10 जुलाई शाम पांच बजे तक

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANURAG PRADHAN

लेखक के बारे में

By ANURAG PRADHAN

ANURAG PRADHAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन