Bihar: मसौढ़ी फायरिंग पर राम कृपाल यादव की पहली प्रतिक्रिया, मैंने ऐसा कभी सोचा ही नहीं था

The Minister of State for Rural Development, Shri Ram Kripal Yadav addressing the media after taking charge in his office, in New Delhi on July 08, 2016.
Bihar: मसौढ़ी के तिनेरी गांव के पास अपने ऊपर हुए हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद और पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से प्रत्याशी राम कृपाल यादव ने कहा है कि मैं सोच भी नहीं सकता कि मेरे ऊपर फायरिंग हो सकती है, मैंने हिंसा की राजनीति नहीं की है.
Bihar: पटना. मसौढ़ी के तिनेरी गांव के पास शनिवार की देर शाम हुए हमले पर रविवार की सुबह प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद और पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से प्रत्याशी राम कृपाल यादव ने कहा है कि मैं सोच भी नहीं सकता कि मेरे ऊपर फायरिंग हो सकती है, क्योंकि आज तक मैंने हिंसा की राजनीति नहीं की. 40 साल हो गए. मैं तो अकेले चलने वाला व्यक्ति हूं. मैं राजद में भी था. ऐसी राजनीति राजद की होगी, यह सोच हमारे अंदर नहीं थी. मैंने कभी इस तरह से सोचा ही नहीं था.
कार्यकर्ताओं से मिलने गया था
राम कृपाल यादव ने कहा कि कल मैं अपने क्षेत्र में घूम रहा था. अंत में मसौढ़ी गया तो पता चला कि रेखा पासवान जो स्थानीय विधायक (राजद) हैं, उन्होंने तिनेरी बूथ पर अवैध तरीके से अंदर जाकर हंगामा किया था. इसका लोगों ने विरोध भी किया. शासन-प्रशासन आया और अपना काम किया. मैं जब गया तो उस समय लगभग 6.30 बज रहा होगा. पोलिंग बूथ बंद हो गया था. मैं वहां अपने समर्थकों से बात कर रहा था. मामले को जानने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान ये सब हो गया. पहले तो कुछ समझ में नहीं आया, लेकिन जल्द ही समझ गया कि फायरिंग हुई है.
आज तक मैंने नहीं की हिंसा की राजनीति
राम पाल यादव ने कहा कि मैं अपने समर्थकों से बातचीत कर रहा था. वहां से फिर निकला तो तिनेरी के बगल में एक गांव है जमलपुरा, पिछली बार भी रेखा पासवान ने जाकर हंगामा किया था. यहां मैं लोगों से मिलने जा रहा था तो रास्ते में निकलते के साथ पटना-डोभी फोर लेन पर 20-25 आदमी इकट्ठा थे. जैसे ही मैं गया तो तीन-चार राउंड फायरिंग की गई. काफी भीड़ थी. किसी तरह मैं वहां से बाहर निकला. मेरे ऊपर इस तरह से हमले होंगे, यह कभी सोचा नहीं था.
Also Read: Sarhasa : बिहार के इस अनोखे मंदिर में ब्राह्मण नहीं होते पुरोहित, नाई कराते हैं पूजा
बौखला गया है पूरा विपक्ष
राम कृपाल यादव ने एक समाचार चैनल से बात करते हुए विपक्ष पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि हिंसा की ये राजनीति बहुत दुखद है. सारण में भी इस तरह की घटना हुई थी. विपक्ष बौखला गया है. उन्होंने यह भी कहा कि जब फायरिंग हुई तो मौके पर जो कुछ मेरे समर्थक थे तिनेरी गांव के ही उनको पकड़कर ईंटा-पत्थर चलाया गया. लोगों को मारा गया. रिवॉल्वर के बट से मारा गया. मैंने एफआईआर दर्ज कराई है. निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी.
अब डर लग रहा है
रामकृपाल यादव ने कहा कि हमारे, हमारे बेटे और कार्यकर्ता को टारगेट कर हमला किया जा रहा है. राजद के लोग हार के डर से ऐसा कर रहे हैं. बिक्रम विधायक सिद्धार्थ, दानापुर और पालीगंज के साथ धनरूआ के गांव में हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया. यह हमला चुनाव प्रचार के दौरान ही किए जा रहे हैं. चुनाव जीतने के बाद कितने हमले होंगे इसका डर मुझे सता रहा है.
9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में राजद समर्थक सहित 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करायी गई है. पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. बता दें कि रामकृपाल यादव तीसरी बार पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से मैदान में हैं. पिछले दो बार से इस सीट से लालू यादव की बेटी राजद प्रत्याशी मीसा भारती को हराते आए हैं. तीसरी बार दोनों सामने-सामने हैं. 4 जून को रिजल्ट आएगा इससे पहले दोनों दल जीत का दावा कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




