Bihar Political Crisis LIVE : नीतीश कुमार आज दो बजे रिकॉर्ड आठवीं बार लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
Bihar Political Crisis LIVE Updates: बिहार की राजनीति में मंगलवार का दिन काफी अहम रहा. पटना में जदयू-राजद-कांग्रेस ने सियासी हलचल के बीच अपने विधायकों के साथ बैठक की. जदयू ने अपनी पार्टी की बैठक में भाजपा से गठबंधन तोड़ने का फैसला किया. नीतीश कुमार ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात करके सीएम के पद से अपना इस्तीफा दे दिया है. अब राजद के साथ मिलकर जदयू नयी सरकार बनाने जा रहा है. आज की तमाम सियासी हलचलों से अपडेट रहने के लिए बने रहें prabhatkhabar.com के साथ.
दोपहर दो बजे नीतीश कुमार रिकॉर्ड आठवीं बार लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
बुधवार को दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रिकॉर्ड आठवीं बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. राजभवन में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में राजद की ओर से तेजस्वी यादव भी मंत्री पद की शपथ लेंगे. सरकार में उनका रुतबा उप मुख्यमंत्री का होगा. नयी व्यवस्था में विधानसभा अध्यक्ष भी बदले जायेंगे. सूत्रों के मुताबिक स्पीकर का पद राजद की झोली में जायेगा. सीवान से निर्वाचित अवध बिहारी चौधरी को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जायेगा.
रेणु देवी का नेमप्लेट बदला, कई मंत्रियों ने वाहन लौटाये
एनडीए गठबंधन टूटने के बाद मंगलवार की देर रात भाजपा के नेताओं ने अपना बोर्ड बदलना शुरू कर दिया. एनडीए सरकार में उपमुख्यमंत्री रही रेणु देवी के बोर्ड पर उपमुख्यमंत्री के साथ पूर्व जोड़ दिया गया. वहीं तारकिशोर प्रसाद ने ट्विटर पर अपने प्रोफाइल में लिखा पूर्व उपमुख्यमंत्री. आवास के बाद खड़े एक सुरक्षा कर्मी ने बताया कि साहब ने आदेश दिया है. बुधवार को बोर्ड बदल दिया जायेगा. एक मंत्री आवास के बाहर खड़ेप्राइवेट कर्मी ने बताया कि मंत्री जी बोल रहे थे कि बुधवार को वाहन लौटा दिये जायेंगे. वहीं, जानकारों की मानें, तो कई मंत्रियों ने रात में ही वाहन लौटा दिये
बिहार के विकास में बाधक बनेंगे तो होगा संघर्ष
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा की भाजपा के मंत्रियों के द्वारा जनता के हित की बात करने पर नीतीश गुस्सा होकर आतंक राज को बढ़ाने वाले तेजस्वी के साथ चले गये. लेकिन केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के स्तर से बिहार के विकास को लेकर काम करते रहेंगे. अगर तेजस्वी या नीतीश जी इसमें बाधा बनेंगे तो सड़कों पर संघर्ष होगा. ईंट से ईंट बजा दी जायेगी. मुख्यमंत्री को अब पलटूराम, भ्रष्टाचार से समझौता करने वाले भटकूराम, कुर्सीलोलुप या जनता से धोखा करने वाला धोखेबाज भी कह सकते हैं.
राजभवन में कल शाम 2 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह
नीतीश कुमार एक बार फिर से महागठबंधन में घर वापसी करने वाले हैं. आज शाम चार बजे नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया है. अब कल बुधवार को सीएम नीतीश महागठबंधन के साथ नई सरकार बनाएंगे. इसके लिए शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को 2 बजे होगा.
बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक खत्म
बिहार बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक खत्म हो गई है. उस बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दो टू कह दिया है कि बिहार की जनता नीतीश कुमार को सबक सिखाने वाली है. बैठक में रविशंकर प्रसाद ने भी कहा है कि नीतीश ने एक बार फिर जनादेश का अपमान किया है
नीतीश-तेजस्वी को नहीं मिला सरकार बनाने का न्योता
राजभवन की तरफ से नीतीश कुमार को सरकार बनाने के लिए कोई समय नहीं दिया गया है. इसके बाद वापस तेजस्वी यादव नीतीश कुमार पटना स्थित संवाद पहुंचे जहां सभी विधायकों को उन्होंने संबोधित किया. जेडीयू और महागठबंधन में शामिल सभी विधायकों को कहा गया है कि जब तक राज्यपाल से शपथ ग्रहण का समय नहीं मिल जाता है और नई सरकार का गठन नहीं हो जाता है तब तक सभी विधायक पटना में ही रहेंगे.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए