ePaper

Bihar News: बिहार को मिला नया मुख्य सचिव, प्रत्यय अमृत ने संभाली कमान

Updated at : 01 Sep 2025 6:43 AM (IST)
विज्ञापन
प्रत्यय अमृत ने संभाली बिहार की कमान

प्रत्यय अमृत ने संभाली बिहार की कमान

Bihar News: रविवार की देर शाम बिहार प्रशासन की सबसे ऊंची कुर्सी पर बदलाव हुआ. एक ओर जहां अमृत लाल मीणा ने भावुक विदाई ली, वहीं दूसरी ओर प्रत्यय अमृत ने राज्य के नए मुख्य सचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया.

विज्ञापन

Bihar News: बिहार के नए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने रविवार देर शाम पदभार संभाल लिया. इस मौके पर विदा हो रहे मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने उन्हें खुद कुर्सी पर बैठाया और शुभकामनाएं दीं. समारोह में दोनों अधिकारियों के परिवारजन और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब बिहार प्रशासनिक ढांचे में नई ऊर्जा और दिशा की उम्मीद की जा रही है.

पदभार ग्रहण का विशेष पल

मुख्य सचिवालय में हुए इस सादे लेकिन भावुक समारोह में अमृत लाल मीणा ने अपने उत्तराधिकारी प्रत्यय अमृत को खुद से कुर्सी पर बैठाकर जिम्मेदारी सौंपी. इस दौरान मौजूद अधिकारियों ने तालियों से उनका स्वागत किया.

अमृत लाल मीणा की विदाई

1989 बैच के आईएएस अधिकारी अमृत लाल मीणा 31 अगस्त को रिटायर हुए। रिटायरमेंट से 27 दिन पहले ही सरकार ने उन्हें मुख्य सचिव पद पर पोस्ट किया था. विदाई समारोह में उनके जीवन और कार्यकाल पर एक वीडियो भी दिखाया गया.

राजस्थान के करौली जिले के साधारण परिवार से निकलकर वे मुख्य सचिव बने और अपने कार्यकाल में तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित हुए.

प्रत्यय अमृत का प्रोफ़ाइल

नए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत 1991 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. वे इससे पहले स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव और विकास आयुक्त जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं. अपनी कार्यशैली और प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचाने जाने वाले प्रत्यय अमृत के कार्यकाल से राज्य में कई नई पहल की उम्मीद जताई जा रही है.

विदाई और पदभार ग्रहण समारोह में डीजीपी विनय कुमार, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हरजोत कौर, मिहिर कुमार सिंह, वंदना प्रेयषी, लोकेश कुमार सिंह, एच. श्रीनिवास और विकास आयुक्त एस. सिद्धार्थ सहित कई अफसर मौजूद थे. अमृत लाल मीणा और प्रत्यय अमृत की पत्नियां भी इस मौके पर मौजूद रहीं. वहीं, सभी प्रमंडलीय आयुक्त और जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े.

प्रशासन में नई शुरुआत

अमृत लाल मीणा की कार्यशैली और उपलब्धियों की सराहना करते हुए अधिकारियों ने उन्हें विदाई दी. अब बिहार की नौकरशाही की बागडोर प्रत्यय अमृत के हाथों में है. उनकी कार्यशैली को देखते हुए प्रशासनिक हलकों में उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में वे बिहार को नई दिशा देंगे.

Also Read: Bihar Weather Today: सितंबर की शुरुआत में मॉनसून पर ब्रेक, उमस भरी गर्मी से मिलेगी कब राहत?

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन