बिहार में फरवरी में ही जेठ की तपिश, 20 डिग्री के पार पहुंचा रात का पारा

Bihar Ka Mausam
Bihar Ka Mausam: फरवरी खत्म होने से पहले ही बिहार में मौसम ने करवट ले ली है. दिन की गर्मी के साथ अब रातें भी गरमाने लगी हैं और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के पार पहुंच चुका है. IMD के अनुसार राज्य अब ठंड से गर्मी की ओर तेजी से बढ़ रहा है. अगले कुछ दिनों तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी जारी रहेगी.
Bihar Ka Mausam: बिहार के मौसम ने करवट क्या ली, सीधे गियर ही बदल दिया है. जिस फरवरी में लोग गुलाबी ठंड का आनंद लेते थे, वहां अब मई-जून वाली दोपहर का एहसास होने लगा है.
राज्य में ठंड की विदाई इतनी अचानक रही है कि महज 20 दिनों के भीतर रात का पारा 8 डिग्री तक चढ़ गया है. आलम यह है कि बांका और कटिहार जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आंकड़े को पार कर चुका है, जो आमतौर पर मार्च के अंत में देखा जाता था.
रात का पारा बढ़ा, ठंड की पकड़ ढीली
बिहार में अब मौसम का ट्रांजिशन साफ दिखाई दे रहा है. फरवरी की शुरुआत में जहां न्यूनतम तापमान 8 से 13 डिग्री के बीच था, वहीं अब कई जिलों में यह 15 डिग्री से ऊपर और कुछ जगहों पर 20 डिग्री के पार दर्ज हो रहा है.
बीते 20 दिनों में रात के तापमान में करीब 5 से 7 डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है. यह संकेत है कि सर्दी अब विदा लेने की तैयारी में है और गर्मी धीरे-धीरे दस्तक दे रही है.
सुबह-शाम हल्की ठंड अभी भी महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर में धूप काफी तेज हो चुकी है. लोग सुबह हल्के गर्म कपड़ों में निकलते हैं, जबकि दोपहर तक टी-शर्ट में नजर आते हैं. यही बदलाव बता रहा है कि मौसम अस्थिर है और तापमान लगातार ऊपर जा रहा है. ग्रामीण इलाकों में रात की ठंड अभी भी शहरी इलाकों से ज्यादा महसूस हो रही है.
पटना समेत कई जिलों में बढ़ेगा तापमान
पटना में हाल के दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी संभव है.
राज्य के कई जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है और फरवरी के अंत तक यह 33 से 35 डिग्री तक जा सकता है.
बारिश नहीं, किसानों को राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि फरवरी के आखिरी सप्ताह तक बारिश की संभावना बहुत कम है. साफ आसमान और शुष्क मौसम गेहूं और सरसों की फसल के लिए अनुकूल माना जा रहा है. इससे कटाई और मड़ाई का काम भी आसानी से हो सकेगा.
स्वास्थ्य पर असर, सतर्कता जरूरी
डॉक्टरों का कहना है कि बदलते मौसम में सर्दी-खांसी, वायरल और डिहाइड्रेशन के मामले बढ़ सकते हैं. सुबह-शाम हल्का गर्म कपड़ा रखें और दिन में पानी ज्यादा पिएं. बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की जरूरत है क्योंकि तापमान में तेज बदलाव शरीर पर असर डाल सकता है.
Also Read: सोनपुर में 4200 एकड़ में बनेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नीतीश कैबिनेट में 35 एजेंडों पर लगी मुहर
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




