महिलाओं के खाते में जाएंगे 2-2 लाख रुपये, बिस्मिल्ला खां के नाम पर खुलेगा कॉलेज, नीतीश कैबिनेट में 32 एजेंडों पर मुहर
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 29 Jan 2026 6:14 PM
सीएम नीतीश कुमार की फाइल फोटो
Bihar Cabinet: नीतीश सरकार की कैबिनेट बैठक में 32 एजेंडों पर मुहर लगी है. सरकार महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को 2 लाख रुपये तक देने की प्रक्रिया शुरू कर रही है. बिस्मिल्ला खां के नाम पर संगीत कॉलेज को मंजूरी दी गई है.
Bihar Cabinet: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 32 एजेंडों पर मुहर लगी है. इस बैठक में महिला रोजगार योजना को लेकर बड़ा फैसला लिया गया. सरकार अब महिलाओं को 2-2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक मदद देने की प्रोसेस शुरू करने जा रही है. नीतीश कुमार ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी.
उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की गई थी. इस योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है. सरकार चाहती है कि हर परिवार की एक महिला उद्यमी बने.
1 करोड़ 56 लाख महिलाओं के खातों भेजा जा चुका है पैसा
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के पहले चरण में प्रत्येक परिवार की एक महिला को 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है. अब तक 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से पैसा भेजा जा चुका है. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जो आवेदक अब भी बचे हुए हैं, उन्हें भी नियमानुसार जल्द ही उनके खाते में राशि भेजी जाएगी.
महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता देगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकार 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर रही है. योजना के तहत रोजगार शुरू करने के 6 महीने बाद लाभुकों का आकलन किया जाएगा. अगर जरूरत पड़ी तो महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता राशि दी जाएगी. यह राशि किस्तों में दी जाएगी. शर्त यह होगी कि पहले दी गई राशि का सही उपयोग रोजगार में किया गया हो.
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अगर महिला का रोजगार बेहतर तरीके से चल रहा होगा तो आवश्यकता के अनुसार एकमुश्त राशि भी दी जा सकती है.
सरकार ने संबंधित विभाग को निर्देश दिया है कि योजना से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की मार्केटिंग की समुचित व्यवस्था की जाए. इसके साथ ही लाभार्थियों को पोशाक निर्माण, सुधा बिक्री केंद्र और दीदी की रसोई जैसे सरकारी कार्यों से भी जोड़ा जाएगा.
बिस्मिल्ला खां के नाम पर खुलेगा संगीत महाविद्यालय
कैबिनेट बैठक में एक और अहम फैसला लिया गया. बक्सर के डुमरांव में भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्ला खां के नाम पर संगीत महाविद्यालय खोले जाने को मंजूरी दी गई. पहले इस योजना के लिए 14.52 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी, जिसे अब रद्द कर दिया गया है. इसके स्थान पर राज्य योजना के तहत 87.81 करोड़ रुपये की नई प्रशासनिक मंजूरी दी गई है.
इस राशि से कॉलेज का भवन बनेगा. फर्नीचर, अंदरूनी सड़क और चहारदिवारी का भी निर्माण होगा. इस कॉलेज के शुरू होने से राज्य के विद्यार्थियों को संगीत की विभिन्न विधाओं की पढ़ाई का बेहतर अवसर मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










