बिहार में शुरू होने वाला है आंधी-तूफान और बारिश का दौर, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट

सांकेतिक फोटो
Bihar Ka Mausam: बिहार में अगले एक हफ्ते तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा. पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने गरज-चमक, वज्रपात और 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. उत्तर और मध्य बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा.
Bihar Ka Mausam: बिहार में अगले कुछ दिन मौसम थोड़े परेशान करने वाले हो सकते हैं. पटना मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा अनुमान के मुताबिक निचले वायुमंडल में नमी बढ़ने और स्थानीय मौसमीय बदलावों की वजह से कई जिलों में आंधी, तेज हवा और बारिश की स्थिति बन सकती है. आने वाले करीब एक हफ्ते तक अलग-अलग इलाकों में मौसम का मिजाज बदलता रह सकता है.
बिहार के इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तर बिहार के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर शामिल हैं. इन इलाकों में अगले 48 घंटों के दौरान तेज आंधी चल सकती है. हवा की रफ्तार करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही कहीं-कहीं ओले गिरने की भी आशंका है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है.
कई जिलों में येलो अलर्ट
बिहार के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं. इन इलाकों में बिजली कड़कने और तेज हवा चलने की चेतावनी भी दी गई है. सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में भी मौसम खराब रह सकता है. पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना बताई गई है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
तापमान पर क्या अपडेट
तापमान की बात करें तो फिलहाल दिन में गर्मी बनी हुई है, लेकिन बादल बढ़ने से आने वाले दिनों में तापमान थोड़ा कम हो सकता है. कुछ जगहों पर उमस बढ़ने की भी संभावना है, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी महसूस हो सकती है.
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी गई है. किसानों को कहा गया है कि अगर उनकी फसल कट चुकी है तो उसे सुरक्षित जगह पर रख लें, क्योंकि ओलावृष्टि से नुकसान हो सकता है. कुल मिलाकर अगले कुछ दिन बिहार में मौसम का मिजाज थोड़ा खराब रहने वाला है.
इसे भी पढ़ें: होली-ईद पर स्पेशल बसें हाउसफुल,18 दिनों में 43 हजार यात्रियों ने किया सफर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




