बिहार में बच्चा चोरी की अफवाह फैलाई तो खैर नहीं, थानों को दिए गए सख्त निर्देश

बिहार पुलिस मुख्यालय की तस्वीर
Bihar News: बिहार में बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है. एडीजी ने बताया कि हाल के कई मामले जांच में अफवाह निकले हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सूचना पर कानून हाथ में न लें और तुरंत 112 या नजदीकी थाने को जानकारी दें.
Bihar News: बिहार में बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट जारी किया है. थानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी कोई सूचना मिलते ही तुरंत जांच की जाए. अगर कोई बच्चा 24 घंटे तक लापता रहता है तो केस दर्ज करना अनिवार्य होगा.
दो दिन में पांच मामले, सभी निकले अफवाह
सीआईडी (कमजोर वर्ग) के एडीजी अमित कुमार जैन ने प्रेस वार्ता में बताया कि दो दिनों में बच्चा चोरी के पांच मामले सामने आए. इनमें मुजफ्फरपुर के दो, जबकि जमुई, पूर्णिया और नालंदा के एक-एक मामले शामिल हैं. जांच में ये सभी घटनाएं अफवाह साबित हुईं.
अफवाह से बढ़ता है मॉब लिंचिंग का खतरा
एडीजी ने कहा कि बच्चा चोरी की खबर तेजी से फैलती है. कुछ ही देर में भीड़ जुट जाती है. इससे मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. कई बार निर्दोष लोग भी भीड़ का शिकार हो जाते हैं. उन्होंने अपील की कि ऐसी स्थिति में डायल-112 या नजदीकी थाने को तुरंत सूचना दें. कानून हाथ में न लें.
44 एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट एक्टिव
गुमशुदा बच्चों की समस्या से निपटने के लिए राज्य में 44 एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) गठित की गई हैं. इसके अलावा पटना, गया और दरभंगा में भी यूनिट काम कर रही है. पूर्णिया एयरपोर्ट पर नई यूनिट बनाने का प्रस्ताव है. चार महीने तक बच्चा नहीं मिलने पर मामला AHTU को ट्रांसफर कर दिया जाता है.
2025 में 14,699 गुमशुदगी के मामले
एडीजी ने आंकड़े जारी किए. वर्ष 2025 में 14,699 गुमशुदगी के मामले दर्ज हुए. इनमें 12,526 बालिकाएं और 2,173 बालक शामिल हैं. पुलिस ने 7,772 बच्चों को बरामद कर लिया है. 6,927 बच्चे अब भी लापता हैं.
‘वात्सल्य पोर्टल’ से मिलेगी मदद
भारत सरकार के ‘वात्सल्य पोर्टल’ से सभी राज्यों के थाने जुड़े हैं. बिहार से लापता बच्चा यदि दूसरे राज्य में मिलता है तो इसकी सूचना तुरंत मिल जाती है. इसके बाद पुलिस बच्चे को सुरक्षित वापस लाती है. पुलिस ने साफ कहा है कि अफवाह से बचें. सतर्क रहें, लेकिन संयम भी रखें.
Also Read: राजद MLC सुनील सिंह का शराबबंदी पर प्रहार, बोले- सदन परिसर में शराब की डिलीवरी कराकर दिखा दूंगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




