राष्ट्रपति पहुंचे भागलपुर, राष्ट्रपति आज जायेंगे विक्रमशिला महाविहार
Updated at : 03 Apr 2017 8:08 AM (IST)
विज्ञापन

भागलपुर : राष्ट्रपति के आने को लेकर भागलपुर का बेसब्री से इंतजार रविवार को खत्म हो गया. शाम पांच बज कर दो मिनट पर नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन, कहलगांव कैंपस में बने हेलीपैड पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का हेलीकॉप्टर उतरा. सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल और कहलगांव के विधायक सदानंद सिंह ने गुलदस्ता भेंट […]
विज्ञापन
भागलपुर : राष्ट्रपति के आने को लेकर भागलपुर का बेसब्री से इंतजार रविवार को खत्म हो गया. शाम पांच बज कर दो मिनट पर नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन, कहलगांव कैंपस में बने हेलीपैड पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का हेलीकॉप्टर उतरा. सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल और कहलगांव के विधायक सदानंद सिंह ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया.राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर के साथ दो अतिरक्ति हेलीकॉप्टर की भी लैंडिंग हुई. राष्ट्रपति के साथ मंत्री राजीव प्रताप रुढ़ी, गोड्डा सांसद निशि कांत दुबे, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन भी आये.
तीनों हेलीकॉप्टर वायुसेना के थे. राष्ट्रपति के आगमन से पहले तीन बजकर 42 मिनट पर बिहार के राज्यपाल राम नाथ कोविंद कहलगांव पहुंचे. राष्ट्रपति बिहार और झारखंड के दौरे पर हैं. वे रविवार को देवघर में कई कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद कहलगांव पहुंचे. यहां वे सोमवार को कहलगांव अनुमंडल के अंतीचक स्थित ऐतिहासिक स्थल विक्रमशिला महाविहार का दर्शन करने जायेंगे.
यहां उनका संबोधन भी होगा. इसे लेकर प्रशासनिक स्तर से तैयारी पूरी हो चुकी है. राष्ट्रपति को एनटीपीसी परिसर स्थित मानसरोवर अतिथि गृह में ठहराया गया है. इसके अलावा मानसरोवर में मंत्री श्री रुढ़ी, भाजपा प्रवक्ता श्री हुसैन व सांसद श्री दुबे भी ठहराये गये हैं. दूसरी ओर एनटीपीसी के ट्रांजिट कैंप में राज्यपाल श्री कोविंद ठहराये गये हैं. राष्ट्रपति दौरे को लेकर कहलगांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
खासकर एनटीपीसी व विक्रमशिला महाविहार के चप्पे–चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
हालांकि रविवार को एनटीपीसी हेलीपैड के समीप सुरक्षा में कई चूक भी दिखी. राष्ट्रपति के आगमन से ठीक पहले हेलीपैड परिसर से एक कुत्ते को भगाने में पुलिसकर्मी के पसीने छूट गये. एक दिन पहले प्रशासन द्वारा यह घोषणा की गयी थी कि किसी भी परिस्थिति में किसी को एनटीपीसी परिसर में प्रवेश होने नहीं दिया जायेगा. लेकिन हेलीपैड परिसर के समीप बिना परिचयपत्र के कई लोग दिखाई पड़े. मोबाइल से तसवीर ले रहे कई युवकों को खदेड़ कर एसएसपी को भगाना पड़ा. हेलीपैड पर भागलपुर जोन के आइजी सुशील मान सिंह खोपड़े, प्रमंडलीय आयुक्त अजय कुमार चौधरी, जिलाधिकारी आदेश तितरमारे, एसएसपी मनोज कुमार आदि पदाधिकारी मौजूद थे.
देवघर. राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी कड़ी सुरक्षा घेरे में दोपहर 12 बजे बाबा मंदिर पहुंचे. महामहिम के साथ राज्यपाल द्रौपदी मुरमू सहित कई मंत्री व सांसद भी थे. मंदिर के वीआइपी गेट पर उनका पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने बुके देकर स्वागत किया. उसके बाद राष्ट्रपति सीधे बाबा मंदिर के गर्भ गृह गये. गर्भ गृह में उनके पुश्तैनी पुरोहित विनोद झा ने संकल्प कराया.
उसके उपरांत पांच वैदिक पंडितों ने षोडशोपचार पूजा प्रारंभ कराया. बाबा मंदिर में पूजा करने के उपरांत राष्ट्रपति ने मां काली मंदिर में माता की आराधना की. अंत में प्रशासनिक भवन के विश्राम गृह में बाबा मंदिर व श्राइन बोर्ड की ओर से डीसी अरवा राजकमल व पूर्व मंत्री केएन झा ने राष्ट्रपति को चांदी से बना मोमेंटो प्रदान किया.
वहीं पंडा धर्मरक्षिणी सभा की ओर से महामहिम को सभा के अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, महामंत्री कार्तिकनाथ ठाकुर ने मोमेंटो व उपाध्यक्ष अरुणनानंद झा, अरुण कुमार व मंत्री निताय चांद झा ने शॉल भेंट किया. वहीं मंदिर के आंतरिक सह उपसमिति की ओर से दुर्लभ मिश्र, विनोद दत्त द्वारी व सुशील चरण मिश्र ने शॉल व रुद्राक्ष की माला भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी, केंद्रीय राज्य मंत्री बंडारू दत्तात्रेय, श्रम मंत्री राज पलिवार, सांसद निशिकांत दुबे, शहनवाज हुसैन, मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, डीजीपी दीपक पांडे, एसपी ए विजयलक्ष्मी, एसडीएम सुधीर गुप्ता, एसडीपीओ दीपक पांडे, मंदिर प्रभारी बीके झा, प्रबंधक रमेश परिहस्त आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




