कांग्रेस और राजद साथ लड़ेंगे चुनाव

Updated at : 30 Sep 2019 7:30 AM (IST)
विज्ञापन
कांग्रेस और राजद साथ लड़ेंगे चुनाव

राज्य में पांच विस व एक लोस सीट के लिए होगा उपचुनाव पटना : बिहार में पांच विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव कांग्रेस गठबंधन में लड़ेगी. कांग्रेस की राज्य इकाई ने अकेले चुनाव लड़ने की पैरवी की थी, लेकिन आलाकमान और राजद नेतृत्व के बीच बातचीत में गठबंधन में चुनाव […]

विज्ञापन
राज्य में पांच विस व एक लोस सीट के लिए होगा उपचुनाव
पटना : बिहार में पांच विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव कांग्रेस गठबंधन में लड़ेगी. कांग्रेस की राज्य इकाई ने अकेले चुनाव लड़ने की पैरवी की थी, लेकिन आलाकमान और राजद नेतृत्व के बीच बातचीत में गठबंधन में चुनाव लड़ने का निर्णय हुआ. समझौते के तहत कांग्रेस समस्तीपुर लोकसभा और किशनगंज विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी.
शेष चार विधानसभा सीटों पर राजद अपने उम्मीदवार उतारेगा. कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि समस्तीपुर से अशोक राम और किशनगंज से सईदा बानो उम्मीदवार होंगी. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, प्रदेश प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी.
इसमें चुनाव गठबंधन में या अकेले लड़ने को लेकर मंथन हुआ था. समस्तीपुर संसदीय सीट लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान के निधन होने के कारण खाली हुई है. नाथनगर, किशनगंज, सिमरी बख्तियारपुर, दरौंदा और बेलहर विधानसभा सीटें यहां के विधायकों के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के कारण रिक्त हुई हैं.
कांग्रेस के समस्तीपुर और किशनगंज से प्रत्याशी घोषित
कांग्रेस के रुख साफ कर देने के बाद अब साफ हो गया है कि नाथनगर और सिमरी बख्तियारपुर की सीट पर महागठबंधन की पार्टियों क्रमश: हम और वीआइपी का मुकाबला राजद के साथ होगा. इन सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों का नाम सामने आना बाकी है.
नाथगनर में राजद ने जहां राबिया खातून को उम्मीदवार बनाने की पहले ही घोषणा कर दी है तो पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हम की ओर से अजय कुमार राय को प्रत्याशी बनाने का एलान किया जा चुका है.
इसी तरह सिमरी बख्तियारपुर की सीट पर राजद और वीआइपी उम्मीदवारों के साथ एनडीए के प्रत्याशी के साथ टक्कर होगी. पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और वीआइपी प्रमुख मुकेश सहनी ने पहले ही अपना स्टैंड साफ कर दिया था. इन दोनों नेताओं का कहना है कि राजद अगर इन सीटों पर उम्मीदवार उतारेगा, तो भी उनकी पार्टियां वहां चुनाव लड़ेगी.
किशनगंज से स्वीटी सिंह होंगी भाजपा की उम्मीदवार
पटना : किशनगंज सीट के लिए होनेवाले विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है. यहां से भाजपा ने फिर स्वीटी सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है. भाजपा ने 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में स्वीटी सिंह को ही अपना उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह उस समय बहुत कम वोटों से हार गयी थीं. स्वीटी सिंह किशनगंज के भाजपा जिला अध्यक्ष सिकंदर सिंह की पत्नी हैं.
वीआइपी नाथनगर में हम को देगा समर्थन
मुकेश सहनी ने नाथनगर में मांझी की पार्टी के उम्मीदवार को समर्थन देने का एलान किया है.मालूम हो कि विधानसभा की बेलहर और दरौंदा सीटों पर राजद ने अपने उम्मीदवार उतारने का एलान किया है. ऐसे में अब माना जा रहा है कि गठबंधन में राजद और कांग्रेस एक साथ चुनाव लड़ेंगे, जबकि गठबंधन में शामिल हम, वीआइपी और रालोसपा ने अपना अलग रास्ता पकड़ किया है.
किनका किनसे मुकाबला
समस्तीपुर लोकसभा की सीट पर कांग्रेस ने डॉ अशोक कुमार को अपना उम्मीदवार घोषित किया है. उनका मुकाबला लोजपा के प्रिंस राज से होगा. पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की पार्टी ने नाथनगर की सीट पर राजद से बगावत कर अपना उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है. हम ने नाथनगर से अजय कुमार राय को अपना उम्मीदवार घोषित किया है.
उनका मुकाबला जदयू के लक्ष्मीकांत मंडल और राजद की राबिया खातून से होगा. वहीं, महागठबंधन में रहे मुकेश सहनी की पार्टी वीआइपी ने सिमरी बख्तियारपुर से अपना उम्मीदवार घोषित किया है. उनका मुकाबला जदयू के अरुण यादव और राजद के जफर आलम से होगा.
राजद के बेलहर से रामदेव यादव उम्मीदवार हैं. उनका मुकाबला जदयू के लालधारी यादव से होगा. राजद के दरौंदा से उम्मीदवार उमेश सिंह का मुकाबला जदयू के अजय सिंह से होगा. वहीं किशनगंज सीट पर भाजपा उम्मीदवार स्वीटी सिंह का मुकाबला कांग्रेस की शाइदा बानो से होगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन