राजमिस्त्री हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मिले विधायक, दोषियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग

पीड़ित परिवार से मिलते मनेर विधायक भाई विरेंद्र
हिनावा बांध के पास राजमिस्त्री विकास कुमार गुप्ता के शव मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. स्थानीय विधायक भाई वीरेंद्र ने पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय दिलाने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने का आश्वासन दिया है. पुलिस ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है.
Patna News : महिनावा बांध के समीप खेत से बरामद राजमिस्त्री विकास कुमार गुप्ता के शव मामले में स्थानीय विधायक भाई वीरेंद्र शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता और दोषियों को सख्त सजा दिलाने का भरोसा दिया.
परिजनों को दिलाया न्याय का भरोसा
विधायक ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया. इस दौरान मृतक के पिता ने रोते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. विधायक ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले में न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.
थानाध्यक्ष से फोन पर की कार्रवाई की मांग
मुलाकात के दौरान विधायक भाई वीरेंद्र ने मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार से फोन पर बातचीत कर घटना में शामिल सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने क्षेत्र में खुलेआम हो रही नशीले पदार्थों की बिक्री पर भी चिंता जताते हुए कहा कि इससे युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है और पुलिस को इस पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए.
दो आरोपित गिरफ्तार, पूछताछ जारी
थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने विधायक और परिजनों को बताया कि मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है और हत्या से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
तीन दिन पहले खेत से मिला था शव
गौरतलब है कि तीन दिन पहले बदमाशों ने राजमिस्त्री विकास कुमार गुप्ता की हत्या कर उनका शव गांव के बाहर महिनावा बांध के समीप खेत में फेंक दिया था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था. मृतक के शरीर पर एसिड जैसे दाग मिलने के बाद परिजनों ने हत्या के बाद एसिड डालने का आरोप लगाया था. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










