बिहार में चार नदियों के बांध टूटे, कई गांवों का संपर्क भंग

Updated at : 30 Sep 2019 7:01 AM (IST)
विज्ञापन
बिहार में चार नदियों के बांध टूटे, कई गांवों का संपर्क भंग

गंगा और उसकी सहायक नदियां उफान पर, आसपास के इलाकों में फैला पानी, राहत और बचाव कार्य तेज पटना/गया/मुजफ्फरपुर/भागलपुर : राज्य में बारिश और नदियों में पानी के बढ़ने से रविवार को चार नदियों के बांध टूट गये. इसमें नालंदा जिले में तीन और जहानाबाद जिले में एक नदी का बांध शामिल है. इस कारण […]

विज्ञापन

गंगा और उसकी सहायक नदियां उफान पर, आसपास के इलाकों में फैला पानी, राहत और बचाव कार्य तेज

पटना/गया/मुजफ्फरपुर/भागलपुर : राज्य में बारिश और नदियों में पानी के बढ़ने से रविवार को चार नदियों के बांध टूट गये. इसमें नालंदा जिले में तीन और जहानाबाद जिले में एक नदी का बांध शामिल है. इस कारण नदियों का पानी आसपास के इलाके में फैल गया है. ये सभी बांध जल संसाधन विभाग के हैं. विभाग ने राज्य भर में अपने अन्य बांधों को सुरक्षित होने का दावा किया है.

वहीं, गंगा सहित इसकी सहायक नदियां उफान पर हैं. वहीं, गंडक और बागमती का जल स्तर घटने की संभावना है. जल संसाधन विभाग के अनुसार नालंदा जिला के बिंद प्रखंड अंतर्गत जिराइन नदी का दायां लघु बांध बिंद के मसाढ़ा खंधा और बायां लघु बांध कुसहर के पास क्षतिग्रस्त हो गया है. नालंदा जिले के बिंद प्रखंड अंतर्गत उतरथु गांव के पास सोएबा नदी का बायां लघु बांध क्षतिग्रस्त हो गया है.

नालंदा जिले के हिलसा प्रखंड के लोकाइन का बायां लघु बांध पचासा गांव व दायां लघु बांध भूरी बिगहा के पास क्षतिग्रस्त हो गया है. वहीं जहानाबाद के मोहनगंज में भूतही नदी का बायां लघु बांध प्रीतमबिगहा व दायां लघु बांध मिल्कीपर गांव के पास क्षतिग्रस्त हो गया है.

कोसी, महानंदा और परमान में होगी बढ़ोतरी : कोसी नदी का जल स्तर बसुआ में खतरे के निशान से 95 सेमी नीचे था, इसमें 21 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है.

बलतारा में यह खतरे के निशान से 101 सेंमी ऊपर था, इसमें 13 सेंमी बढ़ोतरी हो सकती है. कुरसेला में यह खतरे के निशान से 134 सेमी ऊपर था, इसमें 10 सेमी बढ़ाेतरी हो सकती है. महानंदा नदी का जल स्तर तैयबपुर में खतरे के निशान से 135 सेमी नीचे था, इसमें 75 सेमी बढ़ाेतरी हो सकती है. ढेगराघाट में यह खतरे के निशान से आठ सेमी नीचे था, इसमें 103 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है.

झावा में यह खतरे के निशान से 88 सेमी नीचे था, इसमें 63 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. परमान नदी का जल स्तर अररिया में खतरे के निशान से 54 सेमी नीचे था, इसमें 64 सेमी की बढ़ोतरी हो सकती है.

पटना के गांधीघाट में गंगा लाल निशान से 82 सेमी ऊपर, अभी बढ़ेगा जल स्तर केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा नदी का जल स्तर रविवार सुबह बक्सर में खतरे के निशान से 24 सेमी नीचे था, इसमें सोमवार दोपहर तक छह सेमी बढ़ोतरी हो सकती है.

वहीं पटना के दीघाघाट में खतरे के निशान से 22 सेमी ऊपर था, इसमें चार सेमी बढ़ोतरी की संभावना है. पटना के गांधीघाट में यह खतरे के निशान से 82 सेंमी ऊपर था, इसमें चार सेमी बढ़ोतरी की संभावना है. यह हाथीदह में खतरे के निशान से 85 सेमी ऊपर था, इसमें तीन सेमी बढ़ोतरी की संभावना है.

मुंगेर में यह खतरे के निशान से 11 सेमी ऊपर था, इसमें सात सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. भागलपुर में खतरे के निशान से 55 सेमी ऊपर था, इसमें छह सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. कहलगांव में यह खतरे के निशान से 98 सेमी ऊपर था, इसमें 13 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. साहेबगंज में जलस्तर खतरे के निशान से 102 सेमी ऊपर था, इसमें चार सेमी बढ़ोतरी की संभावना है.

सोन, पुनपुन, घाघरा में होगी बढ़ोतरी

आयोग के अनुसार सोन नदी का जल स्तर रविवार को मनेर में खतरे के निशान से 31 सेमी ऊपर था, इसमें सोमवार को आठ सेमी बढ़ोतरी हो सकती है.

पुनपुन नदी का जल स्तर श्रीपालपुर में खतरे के निशान से 60 सेमी ऊपर था, इसमें 250 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. घाघरा नदी का जल स्तर दरौली में खतरे के निशान से 38 सेमी नीचे था, इसमे छह सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं गंगपुरसिसवन में यह खतरे के निशान से 11 सेमी नीचे था, इसमें 11 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि गंडक नदी का जल स्तर घट रहा है.

बढ़ेगी बूढ़ी गंडक और कमला बलान

बूढ़ी गंडक नदी का जल स्तर खगड़िया में खतरे के निशान से 151 सेमी ऊपर था, इसमें 10 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं अधवारा समूह नदी का जल स्तर कमतौल में खतरे के निशान से 41 सेमी नीचे था इसमें 10 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है.

एकमीघाट में इसका जल स्तर खतरे के निशान से 103 सेमी नीचे था, इसमें 29 सेमी की बढ़ोतरी हो सकती है. कमला बलान का जल स्तर जयनगर में खतरे के निशान पर था, इसमें परिवर्तन की संभावना नहीं है. वहीं झंझारपुर में यह खतरे के निशान से 12 सेमी ऊपर था, इसमें 18 सेमी बढ़ोतरी हो सकती है.

सीतामढ़ी में बारिश में गिरा घर, वृद्ध की मौत

सीतामढ़ी : रून्नीसैदपुर थाने के धनुषी गांव के वार्ड नंबर-एक में बारिश के बीच सुबह तीन बजे कच्चा घर गिरने से 82 वर्षीय सकलदेव राय की मौत हो गयी. वहीं, हादसे में पत्नी यशोदा देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गयी. जबकि, रीगा में बिजली के हाइटेंशन तार गिरने से बड़ा हादसा टल गया.

लगातार बारिश के कारण दरभंगा-रक्सौल रेलखंड पर छौरहिया रेलवे गुमटी संख्या-68 के पास रेल एप्रोच पथ में कटाव से खतरा उत्पन्न हो गया है. आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के अनुसार रविवार के सुबह नौ बजे बागमती नदी के ढेंग रेल पुल के समीप व डुब्बा घाट के समीप जल स्तर खतरे के निशान पर है. वहीं सोनाखान में जल स्तर 68.30 मीटर है जो खतरे के निशान से 50 सेमी नीचे है.

चंदौली में जलस्तर 1.54 मीटर निचे तो कटौझा में जलस्तर 1.99 मीटर खतरे के निशान से ऊपर है. इसी तरह झीम नदी सोनबरसा में 2.2 मीटर व अधवारा नदी सुन्दरपुर में 20 सेमी तो पुपरी में 1.34 मीटर जलस्तर नीचे है.

वही लालबकेया नदी गोवाबाही में जलस्तर 70.16 मीटर है जो खतरे के निशान से 96 सेमी नीचे है. वहीं सुबह तक 45.6 एमएम वर्षा रिकॉड की गयी है.

कृषि विभाग के अनुसार जिले में 26 सितंबर को 38.98 एमएम, 27 को 17.64 एमएम व 28 को 21.82 एमएम वर्षा हुई है. शहर के निचले हिस्से में जलजमाव की समस्या से लोग प्रभावित है. डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा ने आम लोगों से अपील की हैं कि वह बच्चों को जलजमाव वाले क्षेत्र में न भेजें.

लगातार हो रही बारिश ने बेगूसराय में एक व भोजपुर में दो लोगों की ली जान

बेगूसराय/भोजपुर : बेगूसराय जिले के बलिया थाने के लखमिनियां के वार्ड 22 मनारी गाछी टोले में शनिवार की रात एक कच्चा मकान गिरने से घर में सोयी करण चौधरी की छह वर्षीया बच्ची गुंजन की मौत हो गयी.

वहीं, भोजपुर जिले के बड़हरा थाने के शालिग्राम सिंह के टोले में तेज बारिश में झोंपड़ी गिरने से स्व रामदास शर्मा के पुत्र देवनाथ शर्मा की मौत हो गयी.

इधर, नारायणपुर थाने के बरुणा गांव में पानी में डूबने से राजेंद्र सिंह की आठ वर्षीया बच्ची रुचि की मौत हो गयी. रुची कुमारी बारिश कम होने पर बाहर गयी थी. गांव में बने गड्ढे में पानी भरा हुआ था. खेलने के दौरान बच्ची का पैर फिसल गया और उस गड्ढे में डूबने से उसकी मौत हो गयी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन