दानापुर : कोचिंग में सहपाठी ने की नौवीं के छात्र की गोली मारकर हत्या

Updated at : 02 Aug 2019 7:47 AM (IST)
विज्ञापन
दानापुर : कोचिंग में सहपाठी ने की नौवीं के छात्र की गोली मारकर हत्या

दानापुर/पटना : दानापुर थाने के बीबीगंज सराय के यादव कॉम्प्लेक्स स्थित कोचिंग संस्थान कॉमर्स इनसाइट एकेडमी में गुरुवार को नौवीं कक्षा के छात्र आशीष कुमार (14 वर्ष) को उसके साथियों ने ही गोली मारकर हत्या कर दी. कोचिंग संस्थान के स्टॉफ ने आरोपित सहपाठी कुंदन कुमार को पकड़ लिया और उसके बैग से नाइन एमएम […]

विज्ञापन
दानापुर/पटना : दानापुर थाने के बीबीगंज सराय के यादव कॉम्प्लेक्स स्थित कोचिंग संस्थान कॉमर्स इनसाइट एकेडमी में गुरुवार को नौवीं कक्षा के छात्र आशीष कुमार (14 वर्ष) को उसके साथियों ने ही गोली मारकर हत्या कर दी.
कोचिंग संस्थान के स्टॉफ ने आरोपित सहपाठी कुंदन कुमार को पकड़ लिया और उसके बैग से नाइन एमएम पिस्टल बरामद कर ली. हालांकि, कुंदन ने पुलिस को बताया कि रोशन ने गोली मारने के बाद उसके बैग में पिस्टल रख दी थी. पुलिस अब रोशन की तलाश में लग गयी है.
राेशन के गोला रोड स्थित आवास पर भी पुलिस ने छापेमारी की. लेकिन पूरा परिवार घर बंद कर फरार था. राेशन सेंट कैरेंस स्कूल का छात्र है, जबकि आशीष नासरीगंज स्थित संत डोमिनिक सेवियोज स्कूल में कुंदन के साथ ही पढ़ता था. दोनों एक साथ ही कोचिंग में भी पढ़ने के लिए जाते थे. आशीष नासरीगंज बिस्कुट फैक्टरी मोड़ के आदर्श नगर निवासी अशोक राय का पुत्र था. अशोक राय किसान हैं. मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था.देर रात मेडिकल टीम गठित कर छात्र के शव का पोस्टमार्टम किया गया.
आशीष कुमार व पड़ोस में ही रहने वाले कुंदन कुमार अपने साथियों के साथ प्रतिदिन की तरह गुरुवार की शाम पांच बजे कोचिंग आये थे. 10वीं क्लास की कोचिंग चल रही थी और वे दोनों बगल के क्लास रूम में इंतजार कर रहे थे.
इसी बीच गोली की आवाज हुई और क्लास रूम में अफरातफरी मच गयी. वहां मौजूद छात्र भागने लगे. कोचिंग के शिक्षक व अन्य लोग जुटे, तो पाया कि आशिक खून से लथपथ गिरा था और उसके पेट में गोली लगी हुई थी. उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां से उसे सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आशीष के बड़े भाई सूरज कुमार ने बताया कि आशीष तीन माह से बीबीगंज में साइंस की कोचिंग करने के लिए जा रहा था.
पिस्तौल देखने के क्रम में दुर्घटनावश गोली चली या मार दी गयी, अनुसंधान कर रही पुलिस
घटना के कारणों की फिलहाल जानकारी नहीं मिल पायी है. पुलिस इस बिंदु पर अनुसंधान कर रही है कि पिस्टल देखने के क्रम में दुर्घटनावश गोली चली या फिर पूर्व नियोजित साजिश के तहत गोली मार दी गयी.
सिटी एसपी पश्चिमी अभिनव कुमार ने बताया कि दुर्घटनावश भी गोली चलने की अाशंका जतायी जा रही है. मामले में कुंदन को हिरासत में लिया गया है और उसके पास से पिस्टल बरामद कर ली गयी है. इस घटना में रोशन नाम के छात्र का नाम भी सामने आ रहा है और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन