संकल्प रैली : गांधी मैदान में जोर-शोर से चल रही तैयारी, डीएम व एसएसपी ने लिया जायजा, 12 फुट ऊंचे मंच से प्रधानमंत्री करेंगे संबोधित

Updated at : 02 Mar 2019 4:09 AM (IST)
विज्ञापन
संकल्प रैली : गांधी मैदान में जोर-शोर से चल रही तैयारी, डीएम व एसएसपी ने लिया जायजा, 12 फुट ऊंचे मंच से प्रधानमंत्री करेंगे संबोधित

पटना : गांधी मैदान में एनडीए की संकल्प रैली की तैयारी जोर-शोर से चल रही है. दो विशाल मंच बने हैं. इसमें मुख्य मंच 12 फुट ऊंचा है, जहां से पीएम नरेंद्र मोदी समेत केंद्र व प्रदेश के वरीय नेता उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे. मुख्य मंच के बगल में ही आठ फुट ऊंचा सहायक […]

विज्ञापन
पटना : गांधी मैदान में एनडीए की संकल्प रैली की तैयारी जोर-शोर से चल रही है. दो विशाल मंच बने हैं. इसमें मुख्य मंच 12 फुट ऊंचा है, जहां से पीएम नरेंद्र मोदी समेत केंद्र व प्रदेश के वरीय नेता उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे. मुख्य मंच के बगल में ही आठ फुट ऊंचा सहायक मंच बना है.
यह मुख्य मंच की तुलना में थोड़ा छोटा है, जिस पर रैली में शामिल होने वाले ऐसे नेताओं को बिठाया जायेगा, जिन्हें मुख्य मंच पर जगह नहीं मिल पायेगी. दर्शक दीर्घा को भी इस बार सुरक्षा के हिसाब से एक नया रूप दिया गया है.
एक बड़े बैरिकेडिंग से पूरे दर्शक दीर्घा को घेर कर एकीकृत करने की बजाय इसे बांस-बल्लों की बैरिकेडिंग से कई छोटे-छोटे ब्लॉक में विभक्त किया गया है. हर ब्लॉक में डेढ़-दो हजार लोगों के बैठने की क्षमता है. दो ब्लॉक के बीच में जाने आने का रास्ता और थोड़ी खाली जगह भी छोड़ी गयी है ताकि जरूरत पड़ने पर सुरक्षा कर्मी भीड़ को बेहतर ढंग से नियंत्रित कर सकें.
खुला छोड़ दिया गया है मैदान का बड़ा हिस्सा : मैदान का आधे से अधिक हिस्सा बिना बांस बल्लों की बैरिकेडिंग के खुला छोड़ दिया गया है ताकि रैली में शामिल होने वालों की संख्या बढ़ने पर भी कोई समस्या नहीं हो.
पंक्तियों में लगाये गये हैं विशाल साउंड बॉक्स : मंच के सामने तीन पंक्तियों में विशाल साउंड बॉक्सों को लगाया गया है, जिनमें से हर पंक्ति में चार-चार साउंड बॉक्स हैं. साथ ही, मैदान के विभिन्न कोने पर भी साउंड बॉक्स लगाये जा रहे हैं ताकि कहीं भी खड़े होने पर पीएम का संबोधन साफ-साफ सुनायी दे.
खोजी दस्ते कर रहे चप्पे-चप्पे की जांच: बम व लैंडमाइंस खोजी दस्ते शुक्रवार को रैली के मुख्य मंच समेत पूरे गांधी मैदान की अपने विशेष उपकरणों से जांच करते दिखे. रैली के दिन तक ऐसी सतर्कता जांच लगातार चलती रहेगी.
वाच टावर व सीसीटीवी से निगरानी : गांधी मैदान में कई वाच टावर बनाये गये हैं, जिनसे रैली के दौरान निगरानी की जायेगी. मैदान में लगे सीसीटीवी का भी इसके लिए इस्तेमाल किया जा रहा है.
डीएम व एसएसपी ने लिया जायजा: दोपहर में गांधी मैदान में हो रहे तैयारी का जायजा लेने एसएसपी गरिमा मल्लिक और डीएम कुमार रवि पहुंचे. दोनों ने रैली की तैयारी से जुड़े लोगों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये. उसके बाद भी कई वरीय अधिकारियों ने रैली स्थल पर तैयारी का जायजा लिया .
सील कर दिया गया है पूरा गांधी मैदान : रैली के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार से ही गांधी मैदान को पूरी तरह सील कर दिया गया है. पुलिस व प्रशासन के सिवा केवल गांधी मैदान में रैली की तैयारियों से जुड़े लोगों को वहां जाने-आने दिया जा रहा है और आम लोगों को प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया गया है.
पोस्टर-बैनर से पटी आसपास की सड़क : गांधी मैदान के आसपास की सड़क पूरी तरह रैली व एनडीए नेताओं के होर्डिंग व पोस्टर-बैनरों से पट गयी है. गेट नंबर एक के भीतर प्रवेश करते ही भाजपा व एनडीए के प्रमुख नेताओं की बड़े-बड़े कटआउट दिखने लगते हैं, जिनमें सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी आदि शामिल हैं. जेपी गोलंबर, रामगुलाम चौक आदि पर भी पोस्टरों-बैनरों की भरमार दिखती है.
पीएम के आने से एक घंटा पहले खाली करा दिया जायेगा रास्ता
पटना . गांधी मैदान में रविवार को आयोजित पीएम की रैली को लेकर शुक्रवार को पूरे दिन जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों का जायजा लिया गया. डीएम कुमार रवि ने गांधी मैदान में ही अधिकारियों की बैठक की, संयुक्त ब्रीफिंग व अन्य संबंधित तैयारियों की मॉनिटरिंग की जाती रही. डीएम ने बताया कि प्रशासन कार्यक्रम के सफल आयोजन के साथ भीड़ मैनेजमेंट को लेकर तैयारी कर रहा है.
उन्होंने बताया कि गांधी मैदान में गेट नंबर पांच से लेकर 12 तक आम लोगों के प्रवेश के लिए खोल दिया जायेगा. इस गेट से कार्यक्रम शुरू होने से पहले व कार्यक्रम के दौरान आ जा सकते हैं. किसी भी गेट से बगैर जांच के नहीं जाने दिया जायेगा. वहीं पानी पीने की व्यवस्था भी मैदान के अंदर ही रहेगी.
ट्रैफिक को करा दिया जायेगा खाली
डीएम ने बताया कि पीएम के आगमन से एक घंटे पहले लगभग 11 बजे से एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक आने वाले रास्ते को खाली करा दिया जायेगा. सभी वाहनों को उत्तर की तरफ डाइवर्ट कर दिया जायेगा. हड़ताली मोड़, वोल्टाश, कोतवाली, डाकबंगला से सभी वाहन उत्तर की तरफ मोड़ दिये जायेंगे. इसके अलावा स्टेशन से सीधे एग्जिविशन रोड की तरफ जाने की सुविधा रहेगी.
गांधी मैदान के बाहर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. आरक्षित जगहों पर आमजनों के प्रवेश पर रोक रहेगा. इसके अलावा जानकारी के अनुसार गांधी मैदान के भीतर पीएम को तीन स्तर से सुरक्षा व्यवस्था में रखा जायेगा. स्टेज से आगे जाली से भी बैरिकेडिंग की गयी है.
पीएम सुरक्षा में 40 डीएसपी की तैनाती
पटना. एनडीए की रविवार को संकल्प रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा की सुरक्षा तैयारी को लेकर डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने आला अधिकारियों के साथ बैठक की. एयरपोर्ट से लेकर सभा स्थल तक की सुरक्षा को लेकर मंथन हुआ.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीएम सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिये चार हजार जवान करीब 40 डीएसपी के अधीन सुरक्षा में तैनात रहेंगे. एसपीजी के आला अधिकारी पहले से ही यहां डेरा डाले हुए हैं.
पटना पहुंचे आइजी एसपीजी ने डीजीपी से मुलाकात कर उनको अपनी तैयारियों से अवगत कराया. एडीजी सीआइडी विनय कुमार , एडीजी स्पेशल ब्रांच जेएस गंगवार, एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन, आइजी सुरक्षा बच्चू सिंह मीना ने भी सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया. सीआइडी का श्वान दस्ता भी तैनात किया गया है.
शहर पुलिस छावनी में तब्दील
पटना . संकल्प रैली को लेकर पटना शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. चौक-चौराहों से लेकर गली-मुहल्लों में भी चेकिंग की जा रही है. खास बात यह है कि यह चेकिंग 24 घंटे की जा रही है. इसके साथ ही शहर में कई जगहों पर चेकिंग प्वाइंट बना दिये गये हैं और वहां दिन व रात में पुलिस जवान लगातार चेकिंग में लगे हैं. व्यवसायी पुरुषोत्तम की हत्या के बाद पुलिस की नजर ट्रिपल राइडर्स पर है और अगर वे पकड़ लिये जा रहे हैं, तो फिर पूरी तरह सत्यापन करने के बाद ही छोड़ा जा रहा है.
देर रात से सुबह तक हो रही होटलों की चेकिंग: पटना शहर के तमाम थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में तमाम होटलों की चेकिंग करने का निर्देश दिया गया है. इसे लेकर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ देर रात से लेकर सुबह तक होटलों की चेकिंग कर रहे हैं. कोतवाली, गांधी मैदान, पीरबहोर, पाटलिपुत्र इलाके में होटलों की संख्या ज्यादा है. इसके कारण इन इलाकों के होटलों पर पुलिस की विशेष नजर है. सभी होटलों में रजिस्टर की जांच की जा रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन