ePaper

पटना : जब बेटी के पैदा होने पर परिवार खुश होगा, तभी बदलेगा समाज : सीएम नीतीश कुमार

Updated at : 28 Jan 2019 7:33 AM (IST)
विज्ञापन
पटना : जब बेटी के पैदा होने पर परिवार खुश होगा, तभी बदलेगा समाज : सीएम नीतीश कुमार

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आम लोगों से बेटा हो या बेटी, सभी को पढ़ाने की अपील की. कहा कि जिस दिन बेटे की तरह बेटी के पैदा होने पर परिवार के लोग खुश होंगे, तभी समाज बदलेगा. बिहार में बाल विवाह और दहेज प्रथा उन्मूलन जैसे समाज सुधार की दिशा में अभियान चलाया […]

विज्ञापन
पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आम लोगों से बेटा हो या बेटी, सभी को पढ़ाने की अपील की. कहा कि जिस दिन बेटे की तरह बेटी के पैदा होने पर परिवार के लोग खुश होंगे, तभी समाज बदलेगा. बिहार में बाल विवाह और दहेज प्रथा उन्मूलन जैसे समाज सुधार की दिशा में अभियान चलाया जा रहा है.
बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ कानून बने हुए हैं, लेकिन फिर भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं. सीएम शनिवार को 70वें गणतंत्र दिवस के मौके पर फुलवारीशरीफ प्रखंड की रामपुर-फरीदपुर पंचायत की पसही महादलित बस्ती में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे.
इस मौके पर टोला के वयोवृद्ध रामदेव चौधरी ने झंडोत्तोलन किया. उनके भाषण पर प्रशंसा जाहिर करते हुए सीएम ने कहा कि रामदेव चौधरी ने शराबबंदी और नशामुक्ति की चर्चा की है.
नीतीश कुमार ने कहा कि संविधान में सभी के लिए समान अवसर और अधिकार की व्यवस्था की गयी है. उस समान अवसर को प्राप्त करने की आप में क्षमता हो, इसके लिए विशेष अवसर भी प्रदान किये गये हैं.
पूरे देश में समाज के हर तबके के लिए समान अधिकार की दिशा में काफी काम हुआ, लेकिन अब भी बहुत कुछ करने की आवश्यकता है.
शुरुआती दौर में कुछ दशकों तक आजादी मिलने को लेकर लोगों में प्रसन्नता थी, जो बाद में विकास की आकांक्षा में तब्दील हो गयी और विकास मुख्य मुद्दा बना गया. उन्होंने कहा कि बिहार में हाशिये पर खड़े लोगों का आकलन और अध्ययन कराकर उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास किया गया. उन्होंने कहा कि शराबबंदी में नयी तकनीक से आइजी (प्रोहिबिशन) का एक तंत्र विकसित किया गया है और गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होती है.
यह अभियान चलता रहेगा. समारोह के दौरान सीएम ने रिमोट के माध्यम से सात निश्चय के तहत हर घर नल का जल और हर घर पक्की गली-नाली का उद्घाटन किया और सतत जीविकोपार्जन, समेकित भेड़-बकरी विकास योजना और सीएम कन्या उत्थान, पीएम आवास योजना के लाभुकों को चेक दिया. जीविका समूह को आर्थिक सहयोग के लिए सीएम ने 1.12 करोड़ का चेक दिया. स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और परिवहन योजना के लाभार्थियों के बीच चाबी और चेक बांटे गये. अंधापन निवारण कार्यक्रम के तहत सीएम ने बुजुर्गों और जरूरतमंदों के बीच चश्मों का वितरण किया.
भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति जारी : राज्यपाल
पटना : ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल लाल जी टंडन ने राज्य सरकार के कामकाज की जम कर तारीफ की.
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम जारी रखा है. भ्रष्ट लोक सेवकों के विरुद्ध कार्रवाई की है. प्रशासन में निचले स्तर पर भ्रष्टाचार खत्म करने की बेहतर पहल हुई है. बिहार लोक सेवाओं का अधिकार कानून के अंतर्गत 20.50 करोड़ आवेदनों का समय सीमा में निबटारा किया गया है.
लोक संवाद के माध्यम से लोगों के महत्वपूर्ण सुझाव आमंत्रित किये जा रहे हैं और कई पर अमल भी हो रहा है. झंडोत्तोलन समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे. इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से झांकियां भी निकाली गयीं.
राज्यपाल ने कहा कि स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए पोशाक, साइकिल, छात्रवृत्ति और अन्य कई योजनाएं लागू की हैं. वहीं, दूसरी ओर स्कूलों की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत किया गया है. सरकार के प्रयास से अब स्कूल से बाहर रहने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या 12.5% से घटकर एक प्रतिशत से भी कम रह गयी है. इस वर्ष महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती मनायी जायेगी, जिसके दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
राज्यपाल ने कहा कि राज्य के हर घर में बिजली पहुंच गयी है. अभी राज्य में 5139 मेगावाट बिजली की आपूर्ति हो रही है. उन्होंने कहा कि सड़क और पुल-पुलिया के निर्माण से छह घंटे के अंदर राज्य के किसी कोने से पटना पहुंचने का लक्ष्य सरकार ने हासिल कर लिया है. अब पांच घंटे में पटना पहुंचने के लक्ष्य पर तेजी से काम हो रहा है.
स्वास्थ्य व कृषि में हुआ सुधार
राज्यपाल ने कहा कि सात निश्चय के तहत राज्य में पांच नये मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की जा रही है. राज्य सरकार ने 2017 से 2022 तक के लिए तीसरा कृषि रोड मैप बनाया है. राज्य में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को दी जाने वाली अनुदान राशि सीधे उनके खाते में डाली जा रही है.
तीसरे कृषि रोड मैप के महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों की बदौलत किसानों की आय में वृद्धि होगी और प्रत्येक भारतवासी की थाली में बिहार का एक व्यंजन का सपना साकार होगा. आइजीआइएमएस में किडनी प्रत्यारोपण शुरू होने से राज्य के लोगों को सहूलियत हुई है. अलावा पीएमसीएच को पांच हजार बेड की क्षमता वाला विश्वस्तरीय अस्पताल बनाने की दिशा में काम चल रहा है.
आपदा रोड मैप तैयार करने वाला बिहार पहला राज्य
आपदाओं से निबटने के लिए आपदा जोखिम न्यूनीकरण रोड मैप तैयार करने के मामले में बिहार को पहला राज्य बताते हुए उन्होंने कहा कि इस साल वर्षा के कारण खरीफ फसलों की क्षति को देखते हुए राज्य के 24 जिलों के 277 प्रखंडों को सुखाग्रस्त घोषित किया गया. अब सूखे से निबटने के लिए सभी प्रकार की तैयारियां की हैं.
यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम होगा लागू
उन्होंने कहा कि पूर्णिया, पाटलिपुत्र व मुंगेर विश्वविद्यालयों की स्थापना की गयी. बिहार पशु विज्ञान विवि की स्थापना हुई. राज्य में विश्वविद्यालय शिक्षकों की त्वरित नियुक्ति के लिए बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग का गठन किया गया है.
सभी विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक कैलेंडर लागू किये गये हैं. विश्वविद्यालयों में नियमित पदों पर नियुक्ति के साथ-साथ तात्कालिक व्यवस्था के तौर पर गेस्ट फेकेल्टी की नियुक्ति की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस वर्ष से यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम भी लागू हो रहा है, जिससे शिक्षकों और छात्रों को प्राप्त होने वाली कई महत्वपूर्ण सुविधाएं कंप्यूटरीकृत हो जायेंगी.
दहेज व शराबबंदी पर भी अंकुश लगा
राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्ण शराबबंदी लागू की और उसके बाद पूर्ण नशाबंदी का संकल्प लिया है. इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए बाल-विवाह एवं दहेज-प्रथा को खत्म करने के लिए व्यापक कार्य हो रहा है. राज्य में खेल-कूद को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत प्रखंड स्तर पर स्टेडियमों का निर्माण कराया जा रहा है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन