CPA ने माना, विकास लक्ष्य सुनिश्चित करने के लिए भ्रष्टाचार पर रोक अत्यंत महत्वपूर्ण, ...जानें सम्मेलन की पूरी बात

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 18 Feb 2018 10:54 PM

विज्ञापन

पटना : राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) ने माना है कि विकास लक्ष्यों को सुनिश्चित करने के लिए भ्रष्टाचार पर रोक लगाया जाना अत्यंत महत्वपूर्ण है. संघ के पूर्ण सत्र की बैठक में संगठन के पीठासीन पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र के एक अंग द्वारा दूसरे अंग के अधिकार क्षेत्र में होनेवाला हस्तक्षेप संकटपूर्ण है. इस […]

विज्ञापन

पटना : राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) ने माना है कि विकास लक्ष्यों को सुनिश्चित करने के लिए भ्रष्टाचार पर रोक लगाया जाना अत्यंत महत्वपूर्ण है. संघ के पूर्ण सत्र की बैठक में संगठन के पीठासीन पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र के एक अंग द्वारा दूसरे अंग के अधिकार क्षेत्र में होनेवाला हस्तक्षेप संकटपूर्ण है. इस पर चर्चा किये जाने और उसका समाधान निकाले जाने की जरूरत है. सीपीए भारत प्रक्षेत्र के छठे सम्मेलन के तीसरे दिन हुई पूर्ण सत्र की बैठक में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन व सीपीए महासचिव अकबर खान के साथ ही देश के विधान मंडल के 22 पीठासीन पदाधिकारियों ने भाग लिया.

संयम के साथ काम करें सभी अंग

पूर्ण सत्र के बैठक की जानकारी देते हुए लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि लोकतंत्र के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न अंगों द्वारा संयम के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है. लोकसभा या विधानसभा की कार्यवाहियों में न्यायालय का हस्तक्षेप तो नहीं होता, लेकिन न्यायालय के कुछ फैसलों से सवाल उठा है. पूर्ण अधिवेशन के माध्यम से इस पर गहन चर्चा हुई.

इंडिया रीजन में होंगे चार सब रीजन, बढ़ेगी सक्रियता

सीपीए कांफ्रेंस में निर्णय किया गया कि संगठन की सक्रियता बढ़ाने के लिए भारत प्रक्षेत्र को चार उप प्रक्षेत्र (अंचल) में बांट कर क्रियाकलाप व गतिविधियां बढ़ायी जायेंगी. हर प्रक्षेत्र में सात से आठ सदस्य प्रदेश को रखा गया है. पहले अंचल में बिहार के साथ छत्तीसगढ़, दिल्ली, झारखंड, ओड़िशा, उत्तर प्रदेश व पश्चिम बंगाल को रखा गया है. दूसरे अंचल में आंध्र प्रदेश, गोवा, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, पुडुचेरी, तमिलनाडु व तेलंगाना जबकि तीसरे अंचल में असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम व त्रिपुरा राज्य होगा. चौथे अंचल में गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, पंजाब और राजस्थान को रखा गया है. हर रीजन में एक अध्यक्ष चयनित होंगे, जो गतिविधियों को संचालित कराने का काम करेंगे.

बिहार के बजट सत्र में सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर होगी चर्चा

श्रीमती महाजन ने बताया कि सस्टेनेबल डेवलपमेंट 2030 (टिकाऊ विकास) के लक्ष्य पर चर्चा के लिए हर सीपीए सम्मेलन में दो सत्र होता है. इसमें सदस्यों को प्राप्त लक्ष्यों की अद्यतन जानकारी दी जाती है. हमने सभी मुख्यमंत्रियों से भी आग्रह किया है कि वे अपने-अपने विधानसभा में इस पर चर्चा करें. बिहार विधानसभा ने भी बजट सत्र में इस पर चर्चा का पूरा भरोसा दिलाया है.

पूर्ण सत्र में उठे महत्वपूर्ण बिंदु

विकास लक्ष्य सुनिश्चित करने के लिए भ्रष्टाचार पर रोक लगाना अत्यंत महत्वपूर्ण

उपलब्ध साधनों से निश्चित समय सीमा के भीतर सतत विकास लक्ष्य प्राप्त करने को प्रयत्नशील रहें विधायक

विधायिका द्वारा पारित प्रत्येक विधान और कार्यक्रम की पहुंच हर व्यक्ति तक हो

लोकतंत्र के एक अंग का दूसरे अंग के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप पर रोक का समाधान निकले

संविधान में तीनों अंगों के बीच शक्तियों का पृथक्करण परिभाषित है

राज्यपाल से मिले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल

पश्चिम बंगाल राज्य के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने रविवार को बिहार के राज्यपाल राज्यपाल सत्यपाल मलिक से शिष्टाचार मुलाकात की. मुलाकात के दौरान राज्यपाल मलिक ने पश्चिम बंगाल राज्य के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी को अपनी शुभकामना दी.

राज्यपाल ने लोकसभा अध्यक्ष को स्मृति-चिह्न भेंट किया

राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने रविवार को राजभवन में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को स्मृति-चिह्न भेंट किया. राज्यपाल ने लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती महाजन को ‘छठा भारत प्रक्षेत्र राष्ट्रमंडल संसदीय संघ सम्मेलन’ पटना में सफलतापूर्वक आयोजित किये जाने पर अपनी बधाई दी. मुलाकात के दौरान, लोकसभा की अध्यक्ष ने भी राज्यपाल को स्मृति चिह्न भेंट किया.

पश्चिम बंगाल के सचिव और झारखंड के विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव समेत 20 राज्यों के प्रतिनिधियों ने लिया भाग

लोकसभा सचिवालय से मिली जानकारी के मुताबिक चार दिवसीय सम्मेलन में बिहार सहित 20 राज्यों के 74 प्रतिनिधियों व उनके साथ आये व्यक्तियों ने भाग लिया. इसमें लोकसभा अध्यक्ष सहित 20 अध्यक्ष/सभापति व 17 उपाध्यक्ष/उप सभापति भी शामिल हुए. इनमें झारखंड से विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव भी शामिल थे. लोकसभा की महासचिव और विधानमंडल के 23 सचिवों ने भी सम्मेलन में भाग लिया. इनमें पश्चिम बंगाल से आये सचिव भी शामिल थे. कुछ राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, तेलंगाना का प्रतिनिधित्व दोनों सभाओं अर्थात विधानसभा और विधान परिषद द्वारा किया गया.

सोमवार को नालंदा-बोधगया जायेंगी लोकसभा स्पीकर, शाम को ही रवाना होंगी दिल्ली

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन सोमवार को नालंदा व बोधगया भ्रमण करने के बाद देर शाम पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगी. जानकारी के मुताबिक, श्रीमती महाजन पहले हवाई मार्ग से नालंदा पहुंचेंगी और फिर वहीं से बोधगया के लिए रवाना हो जायेंगी. नालंदा में जहां नालंदा विवि के भग्नवाशेष देखने का कार्यक्रम है, वहीं बोधगया में महाबोधि मंदिर का भ्रमण हो सकता है. दोनों जगह से लौटने के बाद शाम को वापस दिल्ली रवाना हो जायेंगी. लोकसभा अध्यक्ष के साथ ही विभिन्न राज्यों से पहुंचे कई डेलिगेट भी नालंदा, राजगीर, बोधगया व गया का भ्रमण करेंगे. कई डेलिगेट रविवार को ही विशेष वाहनों से ऐतिहासिक स्थल देख आये.

लोकसभा स्पीकर ने नीतीश-मोदी दोनों को सराहा

लोकसभा अध्यक्ष ने सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के सुशासन नीत सरकार की सराहना की. उन्होंने मुख्यमंत्री को सुशासन का प्रतीक अशोक स्तंभ चिह्न भी भेंट किया. श्रीमती महाजन ने कहा कि सुशील मोदी संघर्षशील नेता हैं. लंबे समय से उनकी अपनी पहचान रही है. उन्होंने बिहार के स्वागत की सराहना करते हुए कहा कि बिहार की संस्कृति और समाज ने उनके हमेशा आकर्षित किया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन