एसिड बिक्री पर सख्ती, चीफ जस्टिस का निर्देश-हर अस्पताल में मुफ्त इलाज, बोर्ड लगाने को कहा

एसिट अटैक पीड़ित को चेक देते हुए जस्टिस प्रसाद
Patna News: पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने तेजाब हमले के पीड़ितों के दर्द को शब्द देते हुए कहा कि ये सिर्फ घाव नहीं, बल्कि टूटे हुए सपनों की कहानी है. पटना में आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम में न्यायपालिका और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पीड़ितों के अधिकार, मुफ्त इलाज और सख्त कानून पर जोर दिया.
Patna News: “जले हुए घाव के पीछे हजारों सपने दबे होते हैं…” पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संगम कुमार साहू के इन शब्दों ने रविवार को पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं. बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के एक विशेष कार्यक्रम में चीफ जस्टिस ने साफ कर दिया कि खुलेआम तेजाब बेचना अब सिर्फ अपराध नहीं, बल्कि मानवता के खिलाफ जंग है.
उन्होंने कहा कि तेजाब हमले के शिकार लोगों को अब ‘दिव्यांगता’ की श्रेणी में रखा गया है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं और आरक्षण का लाभ मिल सकेगा.
तेजाब हमले के पीड़ित दिव्यांग श्रेणी में
चीफ जस्टिस संगम कुमार साहू ने कहा कि एसिड अटैक के शिकार लोगों को दिव्यांगता की श्रेणी में रखा गया है, जिससे उन्हें विशेष सुविधाएं मिल सकें. उन्होंने यह भी दोहराया कि एसिड की बिक्री पर पहले से ही सख्त रोक है, लेकिन इसके बावजूद घटनाएं चिंता का विषय हैं.
पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश राजीव रंजन प्रसाद ने स्पष्ट किया कि एसिड पीड़ितों को सरकारी ही नहीं, निजी अस्पतालों में भी मुफ्त इलाज मिलना उनका अधिकार है. उन्होंने सुझाव दिया कि सभी अस्पतालों में स्पष्ट रूप से बोर्ड लगाया जाए, ताकि पीड़ितों को यह जानकारी आसानी से मिल सके.
पटना हाईकोर्ट के जस्टिस राजीव रंजन प्रसाद ने स्वास्थ्य विभाग को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अब हर सरकारी और निजी अस्पताल के बाहर एक स्पष्ट बोर्ड लगा होना चाहिए. इस बोर्ड पर लिखा होगा कि “यहां एसिड अटैक पीड़ितों का मुफ्त इलाज होता है.”
बढ़ रही है घटनाओं की संख्या
बिहार में एसिड अटैक की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं. समाज कल्याण विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जहां साल 2021 में ऐसे 176 मामले सामने आए थे, वहीं 2023 तक यह संख्या बढ़कर 207 पहुंच गई है.
इन्हीं बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अब सरकार ने जांच प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाए हैं. गृह विभाग ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की संख्या बढ़ा दी है, ताकि मामलों की जांच तेजी से हो सके और दोषियों को जल्द सजा मिल पाए.
पटना हाईकोर्ट के जस्टिस मोहित कुमार शाह के अनुसार, नए प्रावधानों के तहत एसिड अटैक के दोषियों को कम से कम 10 साल की सजा दी जाएगी, जो अधिकतम उम्रकैद तक बढ़ सकती है. यह सख्ती इस गंभीर अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
181 हेल्पलाइन पर मिलेगी मदद
बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने पुलिस महकमे को निर्देश दिया है कि एसिड अटैक जैसी जघन्य घटना होने पर रेंज आईजी और डीआईजी को खुद घटनास्थल का दौरा करना होगा. राज्य में 2012 से अब तक 160 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 104 पीड़ितों को 2.55 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है.
पीड़िताओं की काउंसलिंग और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं. किसी भी आपात स्थिति या कानूनी सलाह के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर ‘181’ जारी किया है, जहां पीड़ित अपनी पहचान गुप्त रखकर भी मदद मांग सकते हैं.
Also Read: नीतीश कुमार ने विधान परिषद से दिया इस्तीफा, अब राज्यसभा में नई पारी की शुरुआत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




