Patna Airport: इंटरनेशनल उड़ानों का रास्ता साफ, पटना एयरपोर्ट पर लगेगा रडार जिला प्रशासन देगा दो एकड़ जमीन

Radar to be installed at Patna airport
Patna Airport: पटना एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का सपना अब सिर्फ योजना नहीं रहा. रडार इंस्टॉलेशन की बाधा दूर होते ही राजधानी का हवाई नक्शा बदलने वाला है.
Patna Airport: पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमानों के संचालन को और सुरक्षित व आधुनिक बनाने के लिए रडार लगाने की प्रक्रिया तेज हो गई है. लंबे समय से जमीन की कमी के कारण अटका यह प्रोजेक्ट अब रफ्तार पकड़ने वाला है.
जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट प्रशासन को रडार के लिए दो अलग-अलग स्थानों पर एक-एक एकड़ जमीन चिह्नित कर दी है, जिससे इंटरनेशनल फ्लाइट ऑपरेशन की राह साफ हो गई है.
आईसीएआर और बियाडा की जमीन एयरपोर्ट को मिलेगी
जिला प्रशासन ने जिन दो भूखंडों की पहचान की है, उनमें एक भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की जमीन है. इसे जल्द ही एयरपोर्ट प्रशासन को हस्तांतरित किया जाएगा. इसके अलावा बिहार राज्य औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की एक एकड़ जमीन भी एयरपोर्ट को दी जाएगी.
यह जमीन बिहार राज्य पथ विकास निगम कार्यालय के पीछे स्थित है, जहां पहले मॉल निर्माण की योजना थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट प्रशासन ने इस पर आपत्ति जताई थी.
रडार के बिना अब तक कैसे चल रहा था ऑपरेशन
फिलहाल पटना एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन विजुअल और नेविगेशन सिस्टम के जरिए किया जा रहा है. यहां से रोजाना करीब 45 जोड़ी विमानों का ऑपरेशन होता है. हालांकि 1200 करोड़ रुपये की लागत से नया टर्मिनल भवन बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन रडार नहीं होने की वजह से उड़ानों की संख्या सीमित है.
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक रडार लगने के बाद एक ही रनवे पर कहीं अधिक विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो सकेगी.
रडार से क्या बदलेगा पटना एयरपोर्ट पर
रडार लगने के बाद एयरपोर्ट को रियल टाइम डेटा मिलेगा, जिससे विमान की लोकेशन, गति और दूरी पर सटीक नजर रखी जा सकेगी. खराब मौसम, कोहरा और कम विजिबिलिटी के दौरान भी विमानों का सुरक्षित संचालन आसान होगा.
अधिकारियों का कहना है कि रडार स्थापित होने के बाद पटना एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय विमानों का संचालन भी सुचारु रूप से किया जा सकेगा.
छह महीने में पूरा होगा काम
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, जमीन हस्तांतरण के तुरंत बाद केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा. कागजी प्रक्रिया और तकनीकी इंस्टॉलेशन मिलाकर रडार लगाने में लगभग छह महीने का समय लगेगा.
बिहार में दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट पर एयरफोर्स बेस के तहत रडार की सुविधा है, जबकि गया एयरपोर्ट पर भी अब तक रडार नहीं लगा है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




