नवादा में ‘वंदे मातरम्’ कवि सम्मेलन में गूंजा राष्ट्रवाद, तिरंगे और वीरों पर कविताओं ने भरा जोश
फोटो संख्या-01 कैप्शन- कार्यक्रम में उपस्थित कवि और अतिथिफोटो संख्या-02कैप्शन- दीप जलाते अतिथि और कवि | Prabhat Khabar Network
हिसुआ के नालंदा पब्लिक स्कूल में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर कवि सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें कवियों ने अपनी ओजस्वी रचनाओं से देशभक्ति का संचार किया।
Nawada News : नवादा जिला के हिसुआ नगर के गया रोड स्थित नालंदा पब्लिक स्कूल में मंगलवार को ‘वंदे मातरम्’ कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया. वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रीय कवि संगम के महाअभियान के तहत आयोजित सम्मेलन में राष्ट्रवाद, तिरंगा, शहीदों और वीरांगनाओं के सम्मान में कवियों ने दमदार रचनाएं प्रस्तुत कीं. ओजपूर्ण कविताओं के साथ समसामयिक विषयों और हास्य-व्यंग्य की फुहार ने भी श्रोताओं को खूब आनंदित किया.
राष्ट्रवाद और साहित्य से जुड़ने का दिया संदेश
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता राष्ट्रीय कवि संगम के जिलाध्यक्ष प्रो. विजय कुमार ने की. कार्यक्रम का संयोजन उपाध्यक्ष एवं व्यंग्यकार उदय भारती ने किया, जबकि सातवीं कक्षा की ज्ञानवी बरनवाल और नौवीं कक्षा के शिवम कौशिक ने संचालन किया. सम्मान सत्र का संचालन छात्राओं आकांक्षा और प्रीति ने किया.
दीप प्रज्ज्वलन के बाद अनामिका, आयुषि, परिधि, काजल, सुहानी पांडेय और रिया ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. विद्यालय के निदेशक सुनील कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया. विषय प्रवेश कराते हुए उदय भारती ने कहा कि देश राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है. राष्ट्रीय कवि संगम ‘राष्ट्र जागरण धर्म हमारा’ के उद्देश्य के साथ लगातार कार्य कर रहा है.
कविताओं ने बच्चों में भरा देशभक्ति का जोश
आमंत्रित कवियों में प्रांतीय सह महामंत्री राणा वीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्रवाद और साहित्य के प्रति लगाव पैदा करना है. इसके बाद कवियों ने एक से बढ़कर एक रचनाओं की प्रस्तुति दी.
युगल किशोर राम की ओजपूर्ण पंक्तियों ने स्कूली बच्चों में खासा उत्साह भर दिया. अभिमन्यु प्रजापति, गगन कुमार, ज्योति बरनवाल, मधुकांत, गीतकार राणा वीरेंद्र सिंह और व्यंग्यकार उदय भारती समेत अन्य कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. कवियों की प्रस्तुतियों पर छात्र-छात्राओं ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया.
कवियों और अतिथियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक सुनील कुमार सहित प्रबंधन के सदस्यों ने अतिथियों और कवियों को अंगवस्त्र, मोमेंटो और उपहार देकर सम्मानित किया. वरीय अतिथि शिक्षक संजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
मौके पर अशोक कुमार, बलेंद्र सिंह, राहुल कुमार, विद्यालय के शिक्षक अरुण कुमार, राकेश कुमार, सुनील कुमार, शिक्षिका बबीता कुमारी समेत अभिभावक, अतिथि और ग्रामीण मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









