नवादा के गोविंदपुर में सहयोग शिविर में खुली नल-जल व्यवस्था की पोल, 1500 घरों की पानी की सप्लाई ठप; DDC ने लगायी फटकार

Updated:
विज्ञापन

शिविर का जायजा लेती डीडीसी | Prabhat Khabar Network

गोविंदपुर ई-किसान भवन में आयोजित सहयोग शिविर में 31 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 12 का मौके पर ही निष्पादन किया गया। डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए।

विज्ञापन

Nawada News : गोविंदपुर पंचायत के ई-किसान भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के साथ सरकारी व्यवस्था की जमीनी हकीकत भी सामने आयी. शिविर का उद्घाटन डीडीसी नीलिमा साहू ने किया. विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 12 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया. वहीं, सबसे अधिक शिकायतें पीएचईडी की नल-जल व्यवस्था को लेकर सामने आयीं.

1500 घरों की जलापूर्ति ठप, डीडीसी ने लगायी फटकार

ग्रामीणों ने डीडीसी को बताया कि गोविंदपुर में लगी जलमीनार लंबे समय से खराब है. इससे करीब 1500 घरों में पानी की आपूर्ति होती है और बड़ी संख्या में परिवार इसी जलमीनार पर निर्भर हैं. जलापूर्ति बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

शिकायत सुनने के बाद डीडीसी ने संबंधित विभाग के संजीत कुमार को फटकार लगायी और जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल कराने का निर्देश दिया. उन्होंने विभाग के वरीय अधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया.

डीडीसी ने एक-एक स्टॉल का लिया जायजा

शिविर में पहुंचते ही डीडीसी ने सबसे पहले हेल्प डेस्क काउंटर का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभागों के स्टॉल की नंबरिंग की जाए, ताकि ग्रामीणों को आसानी से पता चल सके कि किस विभाग का काउंटर कहां है.

इसके बाद उन्होंने सभी 17 विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कर्मियों को प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने का निर्देश दिया.

जीविका दीदियों से लिया स्वरोजगार का फीडबैक

डीडीसी ने शिविर में जीविका समूह की महिलाओं से भी बातचीत की. कई जीविका दीदियों ने बताया कि उन्होंने जीविका के माध्यम से ऋण लेकर स्वरोजगार शुरू किया है और इससे अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं. डीडीसी ने महिलाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया.

वहीं, पेंशन स्वीकृत होने वाले कई लाभुकों को डीडीसी के हाथों स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया गया.

स्कूलों में भोजन और पेयजल व्यवस्था जांचने का निर्देश

डीडीसी ने शिक्षा विभाग के स्टॉल का भी निरीक्षण किया. उन्होंने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शशिकांत निराला को विद्यालयों का निरीक्षण कर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था और छात्राओं के लिए शौचालय की स्थिति की जांच करने का निर्देश दिया.

31 आवेदन पहुंचे, 12 का मौके पर निपटारा

बीडीओ कुमार शैलेंद्र ने बताया कि शिविर में कुल 17 विभागों के स्टॉल लगाए गये थे. विभिन्न विभागों से संबंधित 31 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 12 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया. शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर जल्द निष्पादन का निर्देश दिया गया है.

मौके पर सीओ पुष्पांजलि कुमारी, गोविंदपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, 20 सूत्री क्रियान्वयन समिति की अध्यक्ष शोभा कुमारी, मुखिया अनुज सिंह, पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे. डीडीसी के आगमन पर 20 सूत्री अध्यक्ष, मुखिया और पंचायत समिति सदस्य ने शॉल एवं बुके देकर उनका स्वागत किया.

शिविर का जायजा लेती डीडीसी | Prabhat Khabar Network
शिविर का जायजा लेती डीडीसी | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन