नवादा: पति को दूसरी महिला के साथ देख भड़की पत्नी, बीच सड़क पर शुरू हुई हाई वोल्टेज ड्रामा; VIDEO वायरल
अकबरपुर चौक पर ‘पति, पत्नी और वो’’ का हाई-वोल्टेज ड्रामा, सड़क पर भिड़ीं दो महिलाएं | Prabhat Khabar Network
अकबरपुर चौक पर पति को दूसरी महिला के साथ देख पत्नी का गुस्सा फूटा। सड़क पर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने तीनों को थाने बुलाकर मामला शांत कराया।
Nawada News : नवादा जिला के अकबरपुर चौक पर उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक महिला ने अपने पति को दूसरी महिला के साथ बाजार में देख लिया. पति को दूसरी महिला के साथ देखते ही महिला का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. देखते ही देखते कहासुनी का मामला सड़क पर खींचतान तक पहुंच गया. अचानक हुए इस घटनाक्रम को देखने के लिए चौक पर लोगों की भीड़ जुट गयी. इस दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा.
बाजार करने पहुंची थी महिला, तभी पति पर पड़ी नजर
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर थाना क्षेत्र के दानियाडीह निवासी संगीता देवी बाजार करने के लिए अकबरपुर पहुंची थीं. इसी दौरान उनकी नजर अपने पति देवानंद मांझी पर पड़ी. बताया गया कि देवानंद मांझी उस समय एक अन्य महिला के साथ बाजार में चल रहे थे. पति को दूसरी महिला के साथ देखते ही संगीता देवी भड़क उठीं और सड़क पर ही पति से सवाल-जवाब करने लगीं.
देखते ही देखते सड़क पर शुरू हो गयी खींचतान
कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि संगीता देवी और उनके पति के बीच सड़क पर ही खींचतान शुरू हो गयी. अचानक हुए इस घटनाक्रम से अकबरपुर चौक पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गयी. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गये. लोगों के लिए पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी ‘पति, पत्नी और वो’ के दृश्य से कम नहीं था. भीड़ में मौजूद कई लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ VIDEO
घटना के दौरान बनाए गये वीडियो को लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते वीडियो वायरल होने लगा. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. घटना के बाद बाजार में पूरे मामले की चर्चा होती रही.
112 की टीम तीनों को थाने ले गयी
घटना की सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मी तीनों को अपने साथ अकबरपुर थाने ले गये. साथ मौजूद महिला की पहचान राधा देवी के रूप में बतायी गयी है. संगीता देवी का आरोप है कि राधा देवी ही उनके पति की दूसरी पत्नी हैं.
पुलिस ने तीनों पक्षों को समझाकर घर भेजा
बताया जाता है कि देवानंद मांझी अकबरपुर थाना क्षेत्र के रूनीपुर निवासी अशोक मांझी के पुत्र हैं. थाने में पुलिस पदाधिकारी ने संगीता देवी को बताया कि उनके द्वारा पूर्व में दर्ज कराया गया थाना कांड संख्या 343/26 का मामला न्यायालय में विचाराधीन है. पुलिस ने बताया कि मामले में उनके आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है.
इसके बाद पुलिस पदाधिकारी ने तीनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और सभी को अपने-अपने घर भेज दिया. पुलिस की समझाइश के बाद अकबरपुर चौक पर चल रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा शांत हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









