नवादा में दर्दनाक हादसा : अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद आहर में गिरा बाइक सवार, डूबने से मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Published by :PRANJAL PANDEY
Published at :04 May 2026 12:26 PM (IST)
विज्ञापन
नवादा में दर्दनाक हादसा : अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद आहर में गिरा बाइक सवार, डूबने से मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

जिले के सिरदला प्रखंड अंतर्गत परनाडाबर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित आहर के गहरे पानी में जा गिरा

विज्ञापन

नवादा. जिले के सिरदला प्रखंड अंतर्गत परनाडाबर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित आहर के गहरे पानी में जा गिरा, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई. इस घटना के बाद मृतक के गांव कांटी में कोहराम मच गया है. मिली जानकारी के अनुसार, कांटी गांव निवासी स्वर्गीय किशोरी विश्वकर्मा के पुत्र संतोष कुमार उर्फ अंकुश अपने साथी सोनू कुमार के साथ बाइक से खटांगी गांव जा रहे थे. जैसे ही वे मुरली मोड़ से दक्षिण छत्र बांध आहर के समीप पहुंचे, एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार संतोष सीधे आहर के गहरे पानी में जा गिरे, जबकि पीछे बैठे सोनू कुमार आहर के किनारे गिरने के कारण मामूली चोटों के साथ बाल-बाल बच गए.

पुलिस और ग्रामीणों ने निकाला शव

हादसे की सूचना मिलते ही परनाडाबार थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार और एसआई संतोष कुमार सिंह डायल 112 की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने अंधेरे में आहर के भीतर सर्च ऑपरेशन चलाया. काफी मशक्कत के बाद संतोष को पानी से बाहर निकालकर सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉ. उपेंद्र कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. चिकित्सक के अनुसार, युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी और फेफड़ों में पानी भर जाने के कारण उसकी जान चली गई.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

36 वर्षीय संतोष कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं, घायल सोनू कुमार का इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.

रिपोर्ट: पप्पू कुमार प्रभाकरB

विज्ञापन
PRANJAL PANDEY

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन